कलेक्टर श्री वर्मा ने उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं
असफल परीक्षार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए अधिक मेहनत करने की सीख
राजनांदगांव 23 जून 2020। कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं परीक्षा 2019-20 में उत्तीर्ण जिले के परीक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
श्री वर्मा ने अपने बधाई संदेश में कहा कि परीक्षा परिणाम निश्चित रूप से उनकी मेहनत का फल है। श्री वर्मा ने परीक्षार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्हें भविष्य में और अधिक लगन से कठिन परिश्रम कर परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने की दिशा में लगना चाहिए। युवाओं को अपने सुखद भविष्य के लिए हर परीक्षा को गंभीरता से लेना चाहिए। आप जितनी मेहनत करेंगे उसी अनुपात में परिणाम आएंगे। कलेक्टर श्री वर्मा ने परीक्षा में असफल हुए छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। भविष्य में अधिक मेहनत कर परीक्षा में शामिल होने पर उन्हें जरूर सफलता मिलेगी। श्री वर्मा ने युवाओं से कहा है कि वे परीक्षा परिणामों की एक दूसरे से तुलना करने की बजाय अपने आप पर भरोसा रखें और बेहतर से बेहतर करने दृढ़संकल्प लें।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एचआर सोम ने आज यहां बताया कि 12वीं परीक्षा का वर्ष 2020 का जिले का परीक्षा परिणाम 86.02 प्रतिशत रहा। जबकि पिछले वर्ष का परीक्षा परिणाम 85.47 प्रतिशत था। जिले के 19 हजार 124 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इनमें से 16 हजार 423 परीक्षार्थी सफल हुए। श्री सोम ने बताया कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरिया बाजार विकासखंड खैरागढ़ की छात्रा संध्या पिता कमल वर्मा ने 95 प्रतिशत अंक लेकर 12वीं के राज्य स्तरीय टॉप टेन में 10वां स्थान प्राप्त किया है। इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा के रेगुलर परीक्षार्थियों का परिणाम 80.98 प्रतिशत रहा। इस वर्ष जिले के 23 हजार 822 परीक्षार्थी रेगुलर छात्र-छात्रा के रूप में 10वीं बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 23 हजार 807 के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। 15 परीक्षार्थियों के परिणाम रोके गए हैं। परीक्षा में 19 हजार 279 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। पिछले साल 10वीं रेगुलर का परिणाम 75.38 प्रतिशत था। इस वर्ष के 10वीं बोर्ड रेगुलर परीक्षा के परिणाम में 5.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 10वीं परीक्षा प्राईवेट में इस वर्ष जिले के 498 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें से 231 पास हुए हैं। प्राईवेट का परीक्षा परिणाम 46.38 प्रतिशत रहा। शासकीय हाई स्कूल खुज्जी की छात्रा प्रीति पिता नन्दू ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 97.50 प्रतिशत अंक लेकर 10वीं बोर्ड के राज्य स्तरीय टॉप टेन के 10वें रेंक में स्थान बनाया है।
