जिले में कॉन्टेक्ट टे्रसिंग टीम बढ़ाने के निर्देश
कंटेनमेंट जोन में दैनिक जरूरत के वस्तुओं की चिन्हित स्थानों पर सीमित समय के लिए खरीदी-बिक्री की व्यवस्था करने के निर्देश
राजनांदगांव 23 जून 2020। संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्री नीरज बंसोड़ ने आज यहां न्यू सर्किट हाऊस में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर राजनांदगांव में कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। श्री बंसोड़ ने सभी कंटेनमेंट जोन के शत प्रतिशत परिवारों का सेम्पल लेने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र शुक्ला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे उपस्थित थे।

संचालक श्री बंसोड़ ने बैठक में कहा कि कंटेनमेंट जोन क्षेत्र के हर सड़क और हर चौराहे पर रजिस्टर के साथ पुलिस की व्यवस्था होनी चाहिए। इन क्षेत्रों में आम लोगों के अनावश्यक घूमने-फिरने पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए। यदि कंटेनमेंट जोन में लोग किसी आपातकालीन परिस्थिति में आते जाते हैं तो जोन क्षेत्र के जिस सड़क से आवागमन हुआ है वहां रजिस्टर में एन्ट्री करना जरूरी है। जोन में चिन्हांकित स्थानों पर ही निश्चित समय पर दैनिक जरूरत की आवश्यक वस्तुओं की पूर्ति के लिए सीमित रूप से खरीदी-बिक्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉन्टेक्ट टे्रसिंग टीम की संख्या बढ़ाने तथा टीम में प्रशासन के अलावा, शिक्षा विभाग, नगर निगम, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी को शामिल करने के निर्देश दिए। श्री बंसोड़ ने कहा कि कंटेनमेंट जोन में काम करने वाले सभी हेल्थ स्टॉफ एवं प्रायमरी कॉन्टेक्ट को प्रतिषेध उपचार की दवाई खिलाने तथा सभी जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

बैठक में शहर के कंटेनमेंट जोन के सेठी नगर के सभी चिन्हांकित परिवारों को संस्थागत क्वारेंटाईन करने तथा कंटेनमेंट जोन के सभी लोगों का आरडी किट से सेम्पल लिए जाने का नर्णय लिया गया। श्री बंसोड़ ने कंटेनमेंट जोन में कोरोना संक्रमण के लक्षण वाले लोगों का आरटीपीसीआर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कंटेनमेंट जोन में साफ-सफाई और सेनेटाईजेशन नगर निगम द्वारा नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। कंटेनमेंट जोन में तैनात सभी पुलिस जवानों, स्वच्छता कर्मचारियों और स्वास्थ्य स्टॉफ का प्रतिषेध उपचार करना है। कंटेनमेंट जोन के आस-पास के सभी अस्पतालों, डॉक्टरों और दवाई दुकानों के बीच आपसी समन्वय रखना है और इनसे सर्दी, खांसी और बुखार की दवा लेने वाले तथा इलाज कराने वालों का विवरण लेना है। शासन के निर्देश नहीं मानने वाले अस्पतालों और क्लीनिक को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। कंटेनमेंट जोन में पिछले 15 दिन में आए वाहनों और वहां काम करने वाले लोगों का विवरण अनिवार्य रूप से लिया जाएगा। कंटेनमेंट जोन में शत प्रतिशत एक्टिव कम्यूनिटी सर्वे किया जाएगा। ट्रू नेट लैब तत्काल शुरू कर सेम्पल जांच प्रारंभ किया जाएगा। कंटेनमेंट जोन के बाहर जाने वाले सभी गाडिय़ों का सेनेटाईजेशन अनिवार्य रूप से करना है, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं जोन के एन्ट्री पाईंट में नगर निगम द्वारा की जाएगी।
