राजनांदगांव, 7 जून। राजनांदगांव में रविवार को कोरोना बीमारी को मात देकर 7 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। इन 7 मरीजों को मिलाकर यहां से डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की कुल संख्या 9 हो गई है। जिले के लिए यह राहत भरी खबर है । स्थानीय मेडिकल कॉलेज में कोरोना से संक्रमित डोंगरगांव और छुरिया ब्लॉक के क्रमश: 4 और 3 मरीजों को पूरी तरह ठीक होने के बाद आज घर जाने की अनुमति दी गई।
इसकी पुष्टि सीएमएचओं डॉ. मिथलेश चौधरी ने की। सभी को सावधानी बरते हुए घर में रहने की सलाह दी गई है। सभी मुंबई और दूसरे शहरों से लौटे थे। इस तरह अब यहां कुल 41 एक्टिव मरीज बचे हैं। इनमें से 40 का इलाज राजनांदगांव में ही हो रहा है जबकि एक गर्भवती कोरोना पाजिटिव एम्स में है।
बाकी मरीज भी स्वस्थ्य
राजनांदगांव जिले में अब तक मिले 50 कोरोना पॉजिटिव केस में से अब तक 9 डिस्चार्ज हो गए हैं जबकि 40 का इलाज यहां मेडिकल कालेज अस्पताल में चल रहा है। एक गर्भवती महिला एम्स रायपुर में भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भर्ती मरीजों की लगातार जांच हो रही है और ज्यादातर स्वस्थ्य हैं।
