राजनांदगांव , होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस अलर्ट मोड में है। एक ओर गुंडे बदमाशों की धरपकड़ जारी है, तो दूसरी ओर संदेहियों की चेकिंग भी जारी है। पुलिस ने आउटर में गश्त बढ़ा दी है। बाजार में क्षेत्र में निगरानी भी तेज कर दी गई है।
रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र में 20 से अधिक आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। वहीं वार्ड वार तैयार बदमाशों की सूची के आधार पर चेकिंग व निगरानी भी जारी है। रविवार शाम पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी निकाला। जिसकी अगुवाई खुद एसपी अंकिता शर्मा ने की। जिसमें लोगों से शांति पूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील करते हुए पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को भी सामने रखने का प्रयास किया गया। बता दें कि बीते कुछ साल में होली पर्व के दौरान आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसके देखते हुए पुलिस इस बार सख्ती बढ़ा दी है। बीते साल की तुलना में दोगुना जवानों की तैनाती की जा रही है।
शहर में 100 से अधिक फिक्स पाइंट बनाए जाएंगे एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान शहर में 100 से अधिक फिक्स पाइंट बनाए जाएंगे। 50 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां निरंतर गश्त करती रहेंगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे शहर की निगरानी की जाएगी। सादे कपड़ों में भी पुलिस बल व महिला पुलिस टीम तैनात रहेगी।
लोगों से अपील… पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाएं। जबरन रंग लगाने, अभद्र व्यवहार या विवाद की स्थिति से बचें। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह पूर्ण पोस्ट साझा न करें। नाबालिगों को वाहन न दें। शराब पीकर गाड़ी न चलाएं।
