रायपुर, 1 जून। एसीबी और ईओडब्ल्यू के प्रभारी एडीजी जी.पी. सिंह को वहां से हटाकर पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है। तीन दिनों के भीतर मुख्यालय भेजे जाने वाले वे दूसरे एडीजी हैं। इसके ठीक पहले इंटेलीजेंस के एडीजी हिमांशु गुप्ता को हटाकर मुख्यालय भेजा गया और उनका चार्ज अतिरिक्त चार्ज के रूप में रायपुर आईजी आनंद छाबड़ा को दिया गया था। इसके पहले इसी बैच के तीसरे एडीजी एस.आर.पी. कल्लुरी को भी ट्रांसपोर्ट से हटाकर पुलिस मुख्यालय भेजा गया था। अब इस बैच के ये तीनों एडीजी मुख्यालय में रहेंगे।
जी.पी. सिंह का चार्ज रायपुर के एसएसपी शेख आरिफ को अतिरिक्त चार्ज के रूप में दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय से डीआईजी नेहा चम्पावत को गृहविभाग में विशेष सचिव बनाकर भेजा गया है। वहां पहले से एक एडीजी अरूण देव गौतम गृहसचिव हैं, और एक आईएएस उमेश अग्रवाल भी गृहसचिव हैं। चूंकि एसीएस गृहविभाग, सुब्रत साहू मुख्यमंत्री के सचिव भी हैं, इसलिए गृहविभाग में उनके लिए एक सहयोगी बढ़ाते हुए नेहा चम्पावत को भी वहां पोस्ट किया गया है।

