राजनांदगांव। समर्थन मूल्य में किसानों से धान खरीदी से फ्री होते ही प्रशासन ने अब पौधारोपण पर ध्यान केंद्रित कर दिया है। नदी के किनारे और गोठानों में पौधरोपण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बारिश के पहले जून माह में व्यापक पैमाने पर पौधारोपण के लिए तैयारी करने कहा गया है।
साथ ही राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए अभियान चलाकर गांव में शिविर लगाने की भी योजना प्रशासन बना रहा है। मंगलवार को हुई साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने राजीव गांधी युवा मितान क्लब का गठन करने के लिए कहा। खरीफ के बाद किसान ग्रीष्मकालीन फसल में धान बोने की तैयारी में हैं। धान की फसल के बदले अन्य फसल लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने भी अभियान चलाया जाएगा।
मजदूरों को उनके खाते में राशि दी गई
साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत मजदूरों को उनके खाते में राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए गांव-गांव में शिविर लगाकर नामांतरण, सीमांकन, डायवर्सन, ऋण पुस्तिका का वितरण अभियान चलाकर करना है। धान की फसल के बदले अन्य फसल लेने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें।
उन्होंने सभी एसडीएम को ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर गोधन न्याय योजना एवं फसल चक्र परिवर्तन की समीक्षा करने के लिए कहा। वर्मी कंपोस्ट का विक्रय करने के लिए सघन अभियान चलाने की आवश्यकता है। वर्मी कंपोस्ट की बिक्री के लिए महाप्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को निर्देश दिए।
