राजनांदगांव। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगढ़़ के अंतर्गत ग्राम कोकपुर में दो दिनों के भीतर दो श्रमिकों की मृत्यु हुई। मृतक खेमू ठाकुर की 8 मई को एवं तिलक राम साहू की मृत्यु 9 मई को हो गई। दोनों मृतक रोजी-मजदूरी के लिए दंतेवाड़ा गए थे।
मृतक खेमूराम ठाकुर 29 अप्रैल को दंतेवाड़ा से ग्राम कोकपुर लौटा था। दंतेवाड़ा 12 मार्च को गया था। बुखार की शिकायत की वहज से 7 मई को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल राजनांदगांव में भर्ती हुआ। वहां से वह 8 मई को रायपुर मेडिकल कालेज हॉस्पिटल रिफर हुआ। 8 मई को ही उसकी मृत्यु दोपहर 3 बजे मल्टीआर्गन फेलर से हुई। 27 अप्रैल को इसका कोरोना संक्रमण के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट जगदलपुर में हुआ था, जो नेगेटिव आया था।
दूसरे मृतक तिलक राम साहू 12 मार्च को कोकपुर से दंतेवाड़ा मजदूरी के लिए गया था। वहां से 17 अप्रैल को पैदल व लिफ्ट लेकर ग्राम कोकपुर पहुंचा था। 5 मई को बुखार व उल्टी हुई तो 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया गया था। प्राथमिक ईलाज के बाद मेडिकल कालेज हॉस्पिटल राजनांदगांव रिफर किए। वहां से 6 मई की सुबह बिना डिस्चार्ज किए अपने मोटर बाईक से अपने ग्राम कोकपुर भाग आया। 8 मई को फिर तबियत खराब हुई तो मेडिकल कॉलेज हास्पिटल राजनांदगांव में भर्ती हुआ। 9 मई को उनकी मृत्यु हो गई। मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी अनुसार तिलक राम को सिरोसिश लीवर था, जो ज्यादा शराब पीने वालों को होता है। कोरोना के कोई लक्षण इन्हें नहीं थे।
