राजनांदगांव । शहर में लचर सफाई व्यवस्था के बीच नगर निगम प्रशासन की सख्ती भी असर नहीं कर रही। एक दिन पहले ही मोहारा मार्ग पर फ्लाईओवर के नीचे कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई की गई थी। रविवार को उसके दूसरे दिन भी स्थिति जस की तस रही। डिस्पोजेबल ग्लास व पैकेट सामानों के कचरों के ढ़ेर देखने को मिला।
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम द्वारा सफाई अभियान चलाने के साथ लोगों को समझाइश भी दी जा रही है। इसके साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं । जहां देखो कचरा को ढ़ेर लगा है। कई जगह पर तो डिस्पोजल का अंबार लगा है। इस ओर निगम की टीम ध्यान नहीं दे रही है। इस कारण दुकानदार के हौसले और बुलंद हो गए है।
नगर निगम द्वारा सफाई को लेकर अनेक जतन किए जा रहे है, परंतु सब फेल होता हुआ नजर आ रहा है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने के बाद भी कई जगह डिस्पोजल नजर आ रहे हैं । जैसे शराब दुकान के चारों ओर गंदगी का आलम देखने को मिल रहा है ना तो दुकानदार ध्यान देते है और ना ही निगम की टीम सिर्फ कार्रवाई के नाम पर जुर्माना लगा कर खाना पुरती कर देते है और कुछ दिनों बाद फिर वही नजर आने लगता है इन दुकानदारों पर ठोस कार्रवाई नही करने के कारण इनके हौसले और बुलंद हो गए है सफाई के नाम पर निगम के द्वारा कितनी भी बाते करे परंतु वह सब कागज में ही नजर आता है ।
नाम की हो रही है सफाई
शहर में सफाई तो की जा रही है परंतु बाहरी क्षेत्रो में वह सब फेल नजर आता है जैसे शराब दुकान के आस पास पडे डिस्पोजल देख कर ऐसा लगता है जैसे सालो से यहां की सफाई नही की गई है चाहे रोड में हो या नाली में चारो ओर गंदगी देखने को मिलती है और बुरा हाल तब होता है जब बारिश हो नाले में पडी सभी डिस्पोजल रोड में फैल जाती है इसके कारण बदबू आने लगती है।
प्रतिबंधित सामानों की बिक्री पर रोक नहीं
देश व प्रदेश के शीर्ष न्यायालयों के निर्देश के बाद नगर निगम प्रशासन ने पिछले साल ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए प्लासिट्क के प्रतिबंधित सामान बेचने वालों पर सख्ती दिखाई थी। यह अभियान कुछ माह तक निरंतर चला भी, लेकिन उसके बाद से मामला ठंडे बस्ते में है। प्रतिबंध के बाद भी डिस्पोजेबल आइटम थोक बाजार में खुलेआम बेचे जा रहे हैं। बाद में यही सामान शहर को गंदा भी कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम की उस कार्रवाई पर भी सवाल उठाया जा रहा है जिसमें छोटे दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। थोक व्यापारियों पर पहले की ही तरह सख्ती की जरूरत बताई जा रही है।
सख्त कार्रवाई की जाए
– नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। ताकि प्लास्टिक के डिस्पोजेबल सामानों का उपयोग बंद हो सके। तभी हमारा वातावरण स्वच्छ और सुंदर होगा।
विकास ठाकुर, राहगीर, मोहारा
कार्रवाई की जाती है
– निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जाती है। समय-समय पर दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया जाता है। कल ही हमारी टीम द्वारा मोहारा शराब दुकान के आसपास दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया है।
सुदेश सिंह , उपायुक्त, नगर निगम
