राजनांदगांव। बीएनसी मिल गोलीकांड की 38वीं बरसी पर रविवार को मोतीपुर रेल्वे क्रासिंग के पास स्थित छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने गोलीकांड में मृत मजदूर साथियों को श्रद्धांजलि देकर उनकी शहादत को प्रणाम किया। शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही बंगाल नागपुर कॉटन मिल (बीएनसी) में मजदूर आंदोलन के दौरान वर्ष 1984 को 12 सितंबर के दिन मजदूर आंदोलन को रोकने के लिए चली गोलीबारी में कुछ मजदूरों की मौत हो गई थी, इनकी मौत को शहादत के रूप में मनाते हुए प्रतिवर्ष अपने चार साथियों को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के द्वारा श्रद्धांजलि देने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
शहर के मोतीपुर रेलवे क्रासिंग के समीप स्थित छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के पार्टी कार्यालय में रविवार को बीएनसी मिल के उस समय के श्रमिक और उनके परिवार के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान मजदूर आंदोलन में गोली लगने से मृत हुए मजदूर साथियों राधेबालक, धनाराम, जगत राम और मेहतरू की शहादत को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने नमन किया और उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा की अवसर पर वक्ताओं ने मजदूर आंदोलन के दिन को याद किया कि किस तरह से मजदूरों के आंदोलन को दबाया गया।
वहीं इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के पार्टी कार्यालय में बने मजदूरों के शहीद स्मारक पर सभी ने श्रद्धा सुमन अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के अलावा बीएनसी मिल के उम्र दराज मजदूर और दिवंगत मजदूरों के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
