विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस और भाजपा की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। दोनों ही दल के पदाधिकारी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की पूछपरख करते हुए सक्रिय कर रहे हैं। मंगलवार को कांग्रेस ने सतनाम भवन में बैठक लेकर विधानसभा क्षेत्रों की बूथ प्रबंधन कमेटी का पुनर्गठन करने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। प्रदेश महामंत्री एवं जिले के प्रभारी पंकज शर्मा की मौजूदगी में बैठक हुई।
जिला प्रभारी पंकज शर्मा ने कहा कि बूथ संगठन की जिम्मेदारी सर्वोपरि है। बूथ का कार्यकर्ता हमारा असली नेता है और पार्टी के कार्यकर्ताओं के विचारों का हम सब को सम्मान करना चाहिए। इधर बुधवार को जिला भाजपा की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय ने मोर्चा, प्रकोष्ठ और बूथ कार्यकारिणी की समीक्षा की। बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन 15 सितंबर से लेकर 7 अक्टूबर तक देशभर में सेवा दिवस मनाया जाएगा।
योजना का लाभ मिल रहा
कांग्रेिसयों ने विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। बैठकों का दौर जारी है। सतनाम भवन में हुई कांग्रेस की बैठक में जिले के प्रभारी शर्मा ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी बूथ के कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझ कर उन्हें सम्मान दें। बूथ प्रबंधन कमेटी में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने कहा कि जिला कांग्रेस मजबूती से संगठन के कार्यो के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को दिला कर वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन में काम कर रही है।
कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़
विधानसभा स्तरीय बूथ प्रबंधन प्रभारी कृष्णा दुबे ने बूथ के कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। कांति बंजारे ने बूथ प्रबंधन कमेटी में पार्टी के सभी विंगाें को समाहित कर बनाए जाने पर जोर दिया। इस मौके पर अंत्यावसाय विभाग के प्रदेश अध्यक्ष धनेश पाटिला, विधायक दलेश्वर साहू, इंद्र शाह मंडावी, भुनेश्वर बघेल, छन्नी साहू, पूर्व विधायक भोलाराम साहू, गिरवर जंघेल, प्रकाश यादव ,खादी ग्रामोद्योग के सदस्य किशन खंडेलवाल ने भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया। संचालन रूपेश दुबे ने किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
भाजपा: 15 सितंबर से सेवा दिवस मनाने की तैयारी
इधर भाजपा की बैठक में प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय ने मोर्चा, प्रकोष्ठ सहित बूथ स्तर की कार्यकारिणी की विस्तार हुआ है या नहीं? इसकी समीक्षा करते हुए जल्द कार्यकारिणी जारी करने निर्देश दिए। मंडल अध्यक्षों को बूथ लेवल पर जाकर काम करने की समझाइश दी गई। बताया कि 15 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सेवा दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत स्वच्छता अभियान चलेगा।
युवा मोर्चा की कार्यसमिति की हुई पहली बैठक
भाजपा कार्यालय में मंगलवार शाम को कार्यसमिति की पहली बैठक हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी विपिन साहू ने युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा ही पार्टी को मजबूत बनाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हम भाजपा की रीढ़ हैं। आने वाले दिनों में हमें इतनी मेहनत करनी है कि हम पार्टी के प्राण बन जाएं। विपक्ष की भूमिका में हम और मजबूत हुए हैं। मौजूदा प्रदेश सरकार की नीतियों, रीतियों के खिलाफ हम लोगों के बीच जाकर इस व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे और सत्ता में वापसी करेंगे। भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने कार्यकर्ताओं को ऊर्जा के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूती प्रदान करते हुए आगामी विस चुनाव में सत्ता तक पहंुचाना है। सभी को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी।
