खैरागढ़ के ग्राम दिलीपपुर में खेत से लौट रही महिला से नकाबपोश आरोपी ने लूट की है। आरोपी महिला के गर्दन को दबाकर उसके गले से मंगलसूत्र और कान में पहने टॉप्स लूट लिया। जब तक महिला की मदद के लिए कोई आ पाता आरोपी फरार हो गया था। जिसे पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया है।
घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। 33 वर्षीय पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह शाम में खेत से घर लौट रही थी। रास्ते में पहले से ही एक नकाबपोश युवक खड़ा था। महिला जैसे ही उसके पास पहुंची, आरोपी ने उसके गर्दन को एक हाथ से दबा दिया। महिला जमीन पर गिर पड़ी। इसी दौरान आरोपी ने महिला के गले से मंगलसूत्र और कान में पहले टॉप्स लूट लिया। लूटी गई जेवरात की कीमत करीब 28 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने सहसपुर निवासी आरोपी नागेश्वर मैथिल (26) को देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी से जेवर बरामद कर लिए हैं।
