तुमड़ीबोड़ इलाके के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पा रही है। छोटी मोटी जांच से लेकर दवाइयों तक के लिए भटकना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। इसका खामियाजा आसपास के लोग भुगत रहे हैं।
दरअसल तुमड़ीबोड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में समय पर मेडिकल स्टाफ नहीं पहुंच रहा है। इसे लेकर पहले भी शिकायत हो चुकी है। लोगों को अगर किसी तरह की समस्या होती है, तो उन्हें सीधे राजनांदगांव तक दौड़ लगाना पउ़ रहा है। वैसे तो स्वास्थ्य केंद्र में 6 स्टाफ पदस्थ है, लेकिन समय पर कोई भी स्टाफ स्वास्थ्य केंद्र में नहीं पहुंच रहा है। सुबह से दोपहर तक लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए इंतजार करना पड़ता है, अगर किसी तरह जांच समय पर हो भी जाए तो दवाइयों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। इसकी वजह दवा वितरण करने वाले स्टाफ की भी गैरमौजूदगी रहती है। लेकिन ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का दावा करने वाले अफसर इस केंद्र में सामने आ रही समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
शिकायत से लेकर प्रदर्शन तक हो चुका
तुमड़ीबोड़ में स्वास्थ्य केंद्र में हो रही मनमानी और लोगों की परेशानी की शिकायत भी कई बार हो चुकी है। कुछ राजनीतिक दल इस अव्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। स्थानीय नेताओं के संरक्षण में कर्मचारी इस तरह की मनमानी कर रहे हैं।
कर्मियों को नोटिस तक जारी कर चुकी हैं बीएमओ
स्टाफ की मनमानी को लेकर पूर्व में डोंगरगांव बीएमओ ने तुमड़ीबोड़ स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ को नोटिस तक जारी किया था। इसके बाद भी कर्मचारियों के रवैए में सुधार नहीं आ सका हैँ। जिसके चलते स्थानीय लोगों को परेशान होना पड़ा है। सीएमएचओ लगातर सभी स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को गंभीरता से काम करने की हिदायत दे रहे हैं।
रात में तबीयत बिगड़ने पर सबसे अधिक समस्या
तुमड़ीबोड़ प्राथमिक स्वास्थ्य को लेकर सबसे अधिक समस्या रात में रहती है। रात में अगर किसी ग्रामीण की तबीयत बिगड़ी तो उसे स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार नहीं मिल पाता। यहां रात में भी आमतौर पर मेडिकल टीम मौजूद नहीं रहती। जबकि सभी स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों को रात के समय पर ड्यूटी में रहने की हिदायत दी गई है।
मलेरिया और दूसरी मौसमी बीमारियों की शिकायत
अंचल में इन दिनों मलेरिया, टाइफाइड सहित दूसरी मौसमी बीमारियों की शिकायत बढ़ती जा रही है। बीते कुछ समय से कई हिस्सों में ऐसे मरीज सामने आए हैं। शहरी इलाकों में भी बीते कुछ समय में टाइफाइड के मरीजों की संख्या बढ़ी र्है। बारिश के दिनों में ऐसी स्थिति आम बात रहती है। तुमड़ीबोड़ इलाके के लोगों को किसी तरह की राहत स्वास्थ्य केंद्र से नहीं मिल पा रही है। मजबूरन ग्रामीणों को डोंगरगांव और राजनांदगांव के हास्पिटल तक चक्कर लगाना पड़ रहा है।
निरीक्षण के दौरान नदारद मिले कर्मचारी, नोटिस जारी
डोंगरगाव बीएमओ डॉ. रागिनी चंद्रे ने बताया कि शिकायत पर मैंने स्वास्थ्य केंद्र का निरिक्षण किया था। अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को शोकाज नोटिस जारी किया है.।आगे ऐसी स्थिति सामने आई तो सीएमएचओ को करवाई के लिए प्रेषित किया जाएगा।
