राजनांदगांव। चिचोला में रानीतालाब घाघरा देवता मंदिर के पास हाइवे में दो ट्रक आमने-सामने से भिड़ गए। इस हादसे में दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। चालक और परिचालक बाल-बाल बचे। ट्रक के केबिन में चालक और परिचालक घंटों फंसे रहे। हाइवे स्थित ढाबा में मौजूद लोगों व पुलिस की मदद से चालक और परिचालकों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद चारों घायलों को पेंड्री मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया। जहां चारों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना मंगल-बुधवार की दरमियानी रात की है। चिचोला पुलिस ने बताया कि एक ट्रक राजनांदगांव से नागपुर की ओर जा रहा था। इसमें स्पंज चूरी भरा हुआ था। वहीं दूसरा ट्रक डिस्टेंपर पेंट लेकर रायपुर की ओर जा रहा था। घटना उस समय हुई जब नागपुर की ओर जा रहे ट्रक के चालक ने ढाबा में रूकने के लिए हाइवे क्रासिंग से रांग साइड गाड़ी मोड़ दी, तभी ढाबा के पास सामने से आ रहे ट्रक से भिंड़त हो गया। दोनों ट्रकों में टकराव इतनी जोरदार हुआ कि ट्रकों के परखच्चे उड़ गए। स्पंज चूरी से भरा ट्रक भिंडत के बाद सड़क पर ही पलट गया। वहीं पेंट से भरा ट्रक सड़क किनारे उतर गया। हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन दोनों ट्रकों के चालक करीब तीन से चार घंटे केबीन में फंसे रह गए। ढाबा में मौजूद लोगों व पुलिस की मदद से दोनों ट्रकों के चालक और परिचालक को बाहर निकाला गया। घायलों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। चिचोला पुलिस मामले की जांच कर रही है।
