राजनांदगांव। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्रामीण अंचल का भ्रमण करने निकले कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा बुधवार को शिक्षक की भूमिका में नजर आए। गोठान, आंगनबाड़ी केंद्र, व सामुदायिक अस्पताल का जायजा लेने के बाद वे अचानक बीजेभाट हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंच गए। वहां उन्होंने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के शिक्षा के स्तर का आंकलन किया। इस साल की गई पढ़ाई की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के अंग्रेजी विषय में उनके ज्ञान को परखा। उन्होंने टेंस से संबंधित प्रश्न पूछा। शिक्षक की भूमिका निभाते हुए प्रजेंट टेंस पढ़ाया। इस टेंस में प्रयोग होने वाले शब्दों को उदाहरण सहित ब्लैक बोर्ड में लिखकर समझाया भी। उन्होंने संविधान का महत्व व विशेषताओं के बारे में भी बताया। कलेक्टर ने कक्षा 12वीं कला के विद्यार्थियों को मौर्य कालीन शासन व्यवस्था राज्य विस्तार के संबंध में पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने संविधान की प्रस्तावना को मुखाग्र सुनाया। कलेक्टर ने प्राथमिक शाला पेंडरवानी का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा बुधवार को जिले के नियमित भ्रमण पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने ग्राम अमलीडीह व दीवानझिटिया में बने गोठान में पहुँचकर महिला स्वसहायता समूहों द्वारा की जा रही गतिविधियों को देखा। उन्होंने समूह की महिलाओं से चर्चा की और वर्मी कंपोस्ट निर्माण की प्रक्रिया को भी बारीकी से देखा। समूहों के द्वारा अब तक बनाई गई वर्मी कंपोस्ट एवं इसके विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने राशि बैंक खाते में शीघ्र जमा करने कहा।
गंभीर कुपोषित बच्चों का रखें विशेष ध्यान कलेक्टर सिन्हा ने आंगनबाड़ी केंद्र कोनारी और आरी कोनारी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, शिक्षा अध्ययन की जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में संचालित योजनाओं का लाभ बच्चों को दिलाने कहा। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से कहा की गंभीर कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें सुपोषित व पूर्ण स्वस्थ बनाने भरसक प्रयास करें। ऐसे बच्चों को सतत निगरानी में रखा जाए। समय-समय पर नियमित अंतराल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने और वजन लेते रहने कहा। कलेक्टर ने केंद्र में आने वाले सभी बच्चों को पौष्टिक भोजन का वितरण करने तथा टीकाकरण करवाने भी कहा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र में आने पर बच्चों को रूचिकर और मनोरंजन माहौल बनाकर उन्हें पढ़ाने कहा।
शिष्टाचारपूर्वक व्यवहार करें कलेक्टर ने दीवानझिटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दें। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ शिष्टाचारपूर्वक व्यवहार करें। क्षेत्र के शत प्रतिशत बच्चों का अनिवार्यता से टीकाकरण करें। टीकाकरण में किसी तरह की कोताही नहीं बरतें। कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम आरी-कोनारी में पगडंडी से चलकर किसानों के खेतों का नजदीक से अवलोकन किया। उन्होंने गिरदावरी का कार्य ईमानदारी से करने कहा। गांव के कुल रकबा और बोये गए फसल के रकबा की जानकारी पटवारी एवं आरआई से ली।
