राजनांदगांव। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व डा. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत में कुल तीन लाख 87 हजार 863 परिवारों के नौ लाख 63 हजार 426 सदस्यों का कार्ड बनाया जा चुका है। यह लक्ष्य का 51 प्रतिशत है। सितंबर तक कार्ड बनाए जाने वाला अभियान जारी रहेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथलेश चौधरी ने बताया कि आपके द्वार आयुष्मान अभियान 2.0 के तहत राजनांदगांव जिले के समस्त विकासखण्डों के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित च्वाइस सेंटरों में योजनांतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य निश्शुल्क 30 सितंबर तक किया जा रहा है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये एवं शेष परिवार डा. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत पात्र परिवारों को 50 हजार रुपये तक का लाभ योजना के दिशा- निर्देशानुसार योजनांतर्गत पंजीकृत किसी भी शासकीय एवं निजी चिकित्सालय में आयुष्मान कार्ड द्वारा निश्शुल्क इलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
हर सदस्य का अलग-अलग कार्ड आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के लिए राशन कार्ड एवं आधार कार्ड लेकर आना आवश्यक है। परिवार के समस्त सदस्यों का अलग-अलग आयुष्मान भारत कार्ड बनाया जाएगा। परिवार के समस्त सदस्यों के साथ अपने क्षेत्र के निजी च्वाइस सेंटर में जाकर आयुष्मान भारत कार्ड बनवायें। आयुष्मान भारत बनाने की प्रक्रिया पूर्ण रूप से निःशुल्क हैं। च्वॉइस सेंटर में जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाएं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 104 या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या कार्यालय मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी राजनांदगांव में प्राप्त किया जा सकता है। अभी भी इस योजना को लेकर आज नागरिकों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने की जरूरत है।
