अंजोरा के 15 युवक सेना में अपनी सेवा दे रहे हैं। अब यहां मिनी स्टेडियम में रनिंग ट्रैक तैयार किया जाएगा। बताया गया कि यहां युवाओं के माध्यम से सेना में भर्ती के लिए विशेष फिजिकल ट्रेनिंग भी दी जा रही है। इस पर फोकस करते हुए कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने खेलों के उन्नयन लिए विशेष प्रयास शुरू कर दिया है।
रविवार को उन्होंने गांव का दौरा किया। कलेक्टर सिन्हा को गौठान में अंजोरा के ग्रामीणों ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत के 15 युवक सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और ग्राम के युवक खेलकूद में विशेष रुचि रखते हैं। इस पर कलेक्टर ने गौठान के समीप मिनी स्टेडियम में रनिंग ट्रैक, कबड्डी, फुटबॉल, वालीबॉल के लिए ग्राउंड का उन्नयन और खेल कोच के समन्वय से खेलकूद गतिविधि शुरू करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए। ग्राम पंचायत अंजोरा के गौठान में मल्चिंग विधि से अब सब्जियों का उत्पादन होगा। इसके साथ ही यहां छायादार कदम के पेड़ लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने यहां का निरीक्षण किया। कलेक्टर सिन्हा ने सामुदायिक बाड़ी में मल्चिंग विधि से सब्जी लगाने एवं छायादार कदम के वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाड़ी और चारागाह के कार्य में तेजी लाने के लिए कहा। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत लोकेश चंद्राकर उपस्थित रहे।
बांध का होगा गहरीकरण: कलेक्टर सिन्हा ने गौठान के समीप बांध को गहरीकरण करने के लिए जनपद सीईओ, सरपंच एवं सचिव को निर्देश दिए। जिसका उपयोग मत्स्य पालन में भी किया जा सके। उन्होंने जनपद सीईओ एसके ओझा एवं उपअभियंता आरईएस को गौठान में तीन पानी टंकी, बैठने के लिए चबूतरा, कच्ची नाली, फेंसिंग पोल में पेंट, जल निकासी के लिए प्रवेश द्वार में पोल, पीपल के वृक्ष में चबूतरा, गौठान में बिजली की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला समूहों की आजीविका गतिविधि प्रारम्भ करने तथा अन्य कार्यो को अतिशीघ्र करने के लिए कहा।
