राजनांदगांव। मोटरसाइकिल के साइलेंसर को परिवर्तित कर बंदूक की गोलिंयों जैसी आवाज निकालने वाले बाईकर्स पर पुलिस ने कार्रवाई का अभियान छेड़ा है। शुक्रवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में दर्जन भर से अधिक बाइकर्स के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साइलेंसर में लगे ऐसे सामान भी निकाले गए। साथ ही अगली बार इसी बाइक पर दिखने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी गई।
मोटरसाइकिल के साइलेंसर को अपने मनमाफिक परिवर्तित करा कर उसमें बंदूक की फायरिंग जैसी तेज आवाज निकालने वाले मोटरसाइकिल चालकों की अब खैर नहीं, ऐसे हुड़दंगी मोटरसाइकिल चालकों को सबक सिखाने पुलिस ने अभियान छेड़ा हुआ है, जिसके तहत साइलेंसर को परिवर्तित कर इस तरह की आवाज निकालने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
भय का वातावरण भी निर्मित होता है शहर में कुछ युवकों द्वारा काफी तेज रफ्तार से इस तरह की मोटरसाइकिल चलाई जाती है, जिसकी शोर से आम राहगीरों को परेशानी होती है, तो वहीं गोलियों की आवाज सुनकर भय का वातावरण भी निर्मित होता है। कई बार मोटरसाइकिल के पीछे चल रहे हैं लोगों को साइलेंसर से निकलने वाली चिंगारी, तेज आवाज और वायु के दबाव से गिरकर घायल होने का खतरा भी बना रहता है, वहीं अचानक निकल रही आवाज से भय बनने से कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। पुलिस ने अब इन हुड़दंगी मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
समझाने के अलावा चेतावनी भी कुछ बाइक को पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया है। उन पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। युवकों को समजाइश के साथ चेतावनी भी दी जा रही है।
