खड़गांव क्षेत्र में स्थित गोदावरी माइंस में मशीनों के माध्यम से लौह अयस्क का अवैध उत्खनन किए जाने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि माइंस प्रबंधन की ओर से एनओसी की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा है। पंचायत की ओर से इसी शर्त पर एनओसी दी गई है कि उत्खनन और परिवहन में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे और प्राथमिकता दी जाएगी पर ऐसा नहीं किया जा रहा है।
माइंस प्रबंधन के इस रवैये से नाराज ग्रामीणों ने माइंस के समीप धरना दिया। इसका समर्थन आम आदमी पार्टी ने किया। पार्टी के जिला अध्यक्ष कुशल सिंह राजपूत ने बताया कि माइंस प्रबंधन की ओर से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जबकि जल, जंगल और जमीन इस क्षेत्र के आदिवासियों की है। माइंस प्रबंधन को सीएसआर मद के तहत प्रभावित क्षेत्र के गांवों में विकास कार्य कराने हैं पर यहां तो सड़क, बिजली, पानी सहित शिक्षा, स्वास्थ्य का बुरा हाल है। पक्की सड़कें नहीं हैं। माइंस प्रबंधन की ओर से ऐसी कोई संस्था पर संचालित नहीं की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण मिल सके। धरना प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
