पिछले बुधवार को विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला सांसदों के साथ हुई धक्कामुक्की को लेकर उपजा विवाद जारी है। इसे लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भाजपा नेताओं का पुतला जलाया है। इसी कड़ी में राजनांदगांव और बीजापुर में भी बीजेपी नेताओं का पुतला जलाया गया। लेकिन राजनांदगांव में पुतला दहन के दौरान अचानक भड़की आग की चपेट में आने से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता झुलस गई हैं। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाल और पीठ का कुछ हिस्सा जला
CSP राजनांदगांव लोकेश देवांगन ने बताया कि स्थानीय कांग्रेस भवन से पुतला लेकर कांग्रेसी मानव मंदिर चौक की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान किसी कांग्रेसी ने भीड़ के बावजूद लापरवाही पूर्वक पुतले पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। एकाएक भड़की आग की लपटों से कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता सविता ठाकुर झुलस गईं। इस हादसे में महिला कार्यकर्ता के बाल और पीठ का कुछ हिस्सा जल गया है। हादसे के बाद राजनांदगांव महापौर हेमा देशमुख ने तत्काल अपने वाहन से इलाज के लिए महिला कार्यकर्ता को अस्पताल पहुंचाया है। इधर, पुतला दहन को लेकर पुलिस प्रशासन के द्वारा व्यवस्था भी की गई थी, लेकिन पुतला दहन स्थल पर पहुंचने से पहले ही कांग्रेसियों ने पुतले को बीच रास्ते में ही जला दिया।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ता जलते पुतले की चपेट में आ गईं।
महिला राज्यसभा सांसदों का अपमान
राजनांदगांव में प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की नेताओं ने कहा कि संसद जैसे पवित्र स्थान में महिलाओं के सम्मान को आघात पहुंचाया गया है। केंद्र सरकार की शह पर महिलाओं को खुलेआम अपमानित किया गया है। फूलोदेवी एक समर्पित पार्टी की न सिर्फ कार्यकर्ता हैं, बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ की महिला आदिवासियों की वह नेतृत्वकर्ता भी हैं। इसी तरह छाया वर्मा भी सम्मानीय मानी जाती हैं। उनका भी राज्यसभा में अपमान किया गया है।

बीजापुर में हुए प्रदर्शन में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
विधायक के नेतृत्व में हल्लाबोल
वहीं बीजापुर के भोपालपटनम बस स्टैंड में भी क्षेत्रीय विधायक व बस्तर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष विक्रम शाह मण्डावी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
