रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी में अब तक मुख्य मार्ग तक सड़क न बनने से यहां के रहवासी परेशान हैं। रहवासियों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सड़क की शिकायत सामने आने पर वार्ड क्रमांक 45 के पार्षद गगन आइच ने मौके का निरीक्षण किया तो देखा कि पहुंच मार्ग पर गड्ढे हो गए हैं। बताया गया कि कॉलोनी तो बसा दी गई है पर कॉलोनाइजर की ओर से सड़क नहीं बनवाई गई।
लाखों रुपए खर्च कर लोगों ने यहां मकान खरीदे हैं पर लंबे समय से पक्की सड़क तक नसीब नहीं हुई है। रात को वाहन चालक यहां दुर्घटना का भी शिकार हो रहे हैं। रहवासियों की समस्या को देखते हुए पार्षद ने गड्ढों को पाटने के लिए दो ट्रक मलबा डलवाया। इस दौरान कॉलोनी के अध्यक्ष रमेश गंगवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बिल्डर से नाराज चल रहे: पार्षद ने बताया कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने की वजह से कॉलोनी के रहवासी बिल्डर और प्रशासन से खासे नाराज हैं। पहले भी यहां के रहवासियों ने सड़क निर्माण को लेकर आंदोलन किए थे पर कॉलोनाइजर और प्रशासन की ओर से जल्द ही सड़क बनाने का आश्वासन देकर शांत करा दिया गया था।
