राजनांदगांव। जिले के छुईखदान ब्लाक के एक गांव में दुष्कर्म का बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें नाबालिग पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने एएसआई नरेंद्र गहिने को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित एएसआई छुईखदान थाना में ही पदस्थ था। नाबालिग से दुष्कर्म के बाद आरोपित एएसआई ने पीड़िता को जलाकर मारने का प्रयास भी किया। पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर छुईखदान पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई की है।
घटना 14 अगस्त के पहले की बताई गई है। पीड़िता की मां ने छुईखदान थाने में शिकायत की जिसके बाद 16 अगस्त को पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर एएसआई नरेंद्र गहिने को गिरफ्तार किया। मंगलवार को आरोपित एएसआई को पुलिस ने न्यायालय से जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपनी मां के साथ आरोपित एएसआई के घर खाना बनाने में सहयोग करने के लिए जाती थी। कई बार नाबालिग पीड़िता अपनी मां के नहीं आने पर अकेले ही एएसआई के घर आती थी। इसी अकेलेपन का फायदा उठाकर एएसआई ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले पीड़िता की मां ने नाबालिग बेटी को लेकर एएसआई को कमरे में जाते देखा। जब वो वहां पहुंची तो बेटी के शरीर पर जलने के निशान मिले। जिसको लेकर
पीड़िता की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि एएसआई ने दुष्कर्म के बाद पीड़िता को जलाकर मारने की कोशिश की है। पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जांच की। नाबालिग के पैर पर जलने का निशान मिला है।
