आरटीओ दफ्तर में लाइसेंस बनवाने के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। वहीं यह शिकायत भी आई है कि आरटीओ के अफसर बिना सीट बेल्ट वाली कार में टेस्ट ड्राइव कराने के बाद यह कहकर लाइसेंस निरस्त कर रहे हैं कि जिस वाहन में टेस्ट दिए हो, उसमें सीट बेल्ट नहीं लगा है। वहीं 300 रुपए देने पर लाइसेंस बन जाने का हवाला देकर लोगों को परेशान किया जा रहा है।
ऐसे ही घटनाक्रम का शिकार हुए युवाओं ने भास्कर को बताया कि 15 अगस्त के पहले लाइसेंस बनवाने के लिए टेस्ट देने गए थे। टेस्ट देने के बाद अफसरों ने यह कहकर लाइसेंस रोक दिया कि गाड़ी में सीट बेल्ट नहीं लगाए थे जबकि यह गाड़ी आरटीओ की ही है, जिसमें टेस्ट ड्राइव कराया जाता है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जिस गाड़ी में सीट बेल्ट नहीं है, उसे 2 से 3 माह से उपयोग में लाया जा रहा है। गाड़ी का नंबर सीजी 04, जेड 8418 है। बताया कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने यह कहा कि 300 रुपए देने पर काम हो जाएगा पर पैसे नहीं होने का हवाला दिया गया तो लाइसेंस निरस्त करने की बात कही गई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। अब कलेक्टर से शिकायत की जाएगी।
