ठेलहाडीह क्षेत्र के रहवासी इन दिनों पटवारियों की मनमानी के चलते परेशान हैं। यहां पर हल्का नंबर 19,20,21,व 18 के पटवारियों का मुख्यालय दिया गया है पर पटवारी उपस्थित नहीं रहते। इस वजह से ग्रामीणों को भटकना पड़ता है। गुरुवार को क्षेत्र के रहवासियों ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की। बताया कि पटवारी अक्सर दूसरे कार्यों में व्यस्त होने का हवाला देकर कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते।
किसानों को अभी रोज कई तरह के दस्तावेजों के लिए पटवारियों के पास जाना पड़ रहा है। इनकी अनुपस्थिति की वजह से किसानों को चक्कर लगाना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग करते हुए भारतीय जनता पार्टी ठेलकाडीह के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार खैरागढ़ के नाम ज्ञापन सौंपा है। मांग की है कि निर्धारित समय पर पटवारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश जारी किया जाए ताकि किसानों को किसी भी काम के लिए भटकना न पड़े। ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा नेता जीवन बंजारे, सरपंच संघ अध्यक्ष नाेमेश वर्मा, ठेलकाडीह के उपसरपंच उमेन्द देवांगन, जिला उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा भोज बंजारे, पूर्व जनपद सदस्य उत्तम मानिकपुरी, सविता बलराम जागड़े, ललित जैन, हरिश्चंद्र साहू, तेज लाल वर्मा,हेमेश जागङे, विक्की जोशी व अन्य मौजूद रहे।
