राजनांदगांव। खनिज विकास मद अतंर्गत सेवा दे रहे जिले भर के स्वास्थ्य कर्मियों को चार माह से वेतन नहीं मिल रहा है। लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर से गुहार लगाई।
उन्होंने ज्ञापन देकर लंबित वेतन का भुगतान जल्द जल्द करने की अपील कलेक्टर से की। वेतन न मिलने से इन स्वास्थ्य कर्मियों को आर्थिक कठिनाईयों से जूझना पड़ रहा है। डीएमएफ फंड अंतर्गत कोविड संक्रमण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती की गई है।
जिले के विभिन्ना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापना की गई है, लेकिन बीते चार माह से इन कर्मियों का वेतन भुगतान नहीं किया गया है। डीएमएफ अंतर्गत सेवाएं दे रहे जिले भर के स्वास्थ्यकर्मी बडी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी चार माह की लंबित वेतन भुगतान की गुहार लगाई और जल्द जल्द वेतन भुगतान करने की अपील कलेक्टर से की। उनका कहना है कि बीते चार माह से वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक समस्या से गुजरना पड़ रहा है।
स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि कोविड संक्रमण के दौरान उन्होंने मरीजों की सेवा की है। जबकि इस दौरान मरीज के स्वजन भी मरीज से दूर भाग रहे थे। इनकी सेवा करने वाला भी कोई नहीं था। इस परिस्थिति में भी उनके द्वारा मरीजों की सेवा की गई। उसके बाद भी आज तक उन्हें वेतन के लिए भटकना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि वेतन न मिलने से उनके दैनिक जीवन मे कठिनाई हो रही है और घर परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वेतन भुगतान की मांग की है । मांग पूरी न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
