राजनांदगांव। बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल के भवन में संचालित मेडिकल कालेज अस्पताल अपने पेंड्री की नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो गया है। सोमवार को मेडिकल टीम ने जिला अस्पताल से पूरा सामान शिफ्ट कर लिया। पेंड्री स्थित नए अस्पताल में नए मरीजों की भर्ती भी शुरू कर दी है। मंगलवार से पेंड्री स्थित मेडिकल कालेज अस्पताल और बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल दोनों ही जगह अलग-अलग ओपीडी शुरू होगी।
जिला अस्पताल में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक और शाम पांच बजे से शाम सात बजे तक ओपीडी शुरू रहेगी। वहीं पेंड्री के मेडिकल कालेज में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी खुली रहेंगी। अलग होने के बाद मेडिकल कालेज ही नहीं जिला अस्पताल में भी स्टाफ की कमी हो गई है। नेत्र सहित गायनिक व अन्य विभागों में डाक्टर नहीं है। नई भर्ती नहीं होने तक दोनों ही जगह स्टाफ की समस्या होगी। बड़ी बात तो यह है कि मेडिकल टीम ने अस्पताल के जरूरी उपकरणों के साथ मेडिकल अस्पताल के लिए आयी दवाइयों को उठा ले गए हैं।
इससे जिला अस्पताल में दवाइयों का टोटा पहले ही दिन ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। कमजोर संसाधन के बीच अलग-अलग अस्पताल का संचालन करना और मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा देना जिला अस्पताल व मेडिकल अस्पताल प्रबंधन के लिए चुनौती साबित हो सकता है। मेडिकल अस्पताल के अधीक्षक डा. संदीप चंद्राकर ने कहा कि पेंड्री स्थित नई बिल्डिंग में मेडिकल अस्पताल का पूरा सेटअप तैयार कर लिए हैं। उपकरणों के साथ सामान शिफ्ट हो गए हैं।
कुछ सामग्री धीरे-धीरे शिफ्ट कराएंगे
कुछ सामग्रियां है, उसे धीरे-धीरे शिफ्ट कराएंगे। इधर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा. यूएस चंद्रवंशी ने कहा कि ओपीडी सुबह और शाम दोनों समय पर होगी। इसके लिए समय निर्धारित कर दी गई है। मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। स्टाफ और कुछ संसाधनों की कमी के कारण शुरुआत में दिक्कत जरूर होगी।
