राजनांदगांव जिले के सुरगी के भर्रेगांव में हुई युवक की हत्या का खुलासा हो गया है। पुलिस ने घटना में शामिल मृतक की पत्नी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। आदतन शराबी पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने मृतक के दोस्तों को ही एक लाख रुपए मारने की सुपारी दी थी। इतना ही नहीं पत्नी ने हत्या करने के लिए आरोपियों को 7 हजार रुपए एडवांस भी दिए थे।
हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाया
एडिशनल एसपी सुरेशा चौबे ने बताया कि 2 अगस्त को भर्रेगांव के तालाब में एक बाइक के डूबने और एक चप्पल पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी को निकालकर पता करने पर उक्त बाइक कोटरा भाठा गांव के निवासी धनेश साहू के रुप में पता चला। मृतक के भतीजे ने बताया कि एक अगस्त की रात करीब 10 बजे वह रोड में टहल रहा था। तभी नर्सरी की ओर से चाचा की आवाज उसे सुनाई दी। पता करने के लिए नर्सरी की तरफ खोजबीन करने पर रेत के टीले में पंजा दिखाई दिया। इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, साथ ही तहसीलदार को बुलाकर उत्खनन कराया गया। शव की पहचान धनेश साहू के रुप में की गई।
मृतक की पत्नी ने सुपारी देकर करवाई हत्या
पुलिस ने बताया कि मामले में अपराध पंजीबद्ध कर डॉग स्क्वाड और FSL टीम को सूचित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मृतक के दोस्त धर्मेन्द्र साहू उर्फ बालू, उपेन्द्र साहू उर्फ बैदू ने अमित बार से शाम 7 बजे मृतक धनेश साहू को शराब और बीड़ी पहुंचाया बताया गया। उसके बाद उससे मुलाकात नहीं होने की बात कही। आशंका होने पर उक्त आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। फिर उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि मृतक आए दिन शराब पीकर अपनी पत्नी और बच्चों से मारपीट करता था। उसकी पत्नी हमेशा परेशान रहती थी। एक दिन उसकी पत्नी ने मृतक को ठिकाने लगाने के बदले रुपए देने की बात कही, तब आरोपियों ने धर्मेन्द्र साहू, उपेन्द्र साहू और अनिल ढीमर ने योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी।
सुरगी में डंप रेत में मिला था शव
जानकारी के मुताबिक, धनेश की तलाश के लिए स्नीफर डॉग का सहारा लिया गया। डॉग तालाब की बजाय सुरगी में बिजली आफिस के पास डंप रेत में जाकर रुका। वहीं धनेश साहू का शव पुलिस ने बरामद किया। मृतक धनेश के गले में धारदार हथियार के निशान मिले। स्थिति वहीं साफ हो गई थी कि हत्या कर शव को रेत में गाड़ा गया था।
