माई की नगरी में विगत माह हुई हार्डवेयर व्यवसायी रमेश जनबंधु की हत्या पर पुलिस बछेराभाटा निवासी सूरज वर्मा को परेशान कर रही है। इस आशय का आरोप रविवार को सूरज वर्मा ने समाज के समक्ष लगाया, इसके बाद सामाजिक लोगों ने डोंगरगढ़ थाने का घेराव कर इस प्रकार की कार्रवाई की निंदा की।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के जिला अध्यक्ष विष्णु लोधी, समाज के जिलाध्यक्ष राजभान लोधी, युवा लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष मूलचंद लोधी के संयुक्त नेतृत्व में जिला व प्रदेश सर्किल के लोग बड़ी संख्या में रविवार को शाम थाना पहुंचे। इस दौरान टीआई एलेग्जेंडर कीरो थाना में अनुपस्थित थे। थाना प्रभारी साहू से लोधी समाज के लोगों ने चर्चा कर बिना कारण किसान सूरज लोधी को परेशान करने तथा मारपीट करने की निंदा करते हुए इस तरह का आचरण ना करने की चेतावनी दी। समाज के पदाधिकारियों ने कहा इस तरह का आचरण दोबारा अगर किया गया तो लोधी समाज प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन कर न्यायालय की शरण लेगा।
सूरज वर्मा ने बताया कि उसे बेवजह परेशान किया जा रहा है। जुलाई में पुलिस वाले उसे चार बार बुला चुके हैं तथा दो दिन दो रात थाने में भी रख कर उसे टॉर्चर किया गया। परेशान किसान सूरज लोधी ने बताया कि मृतक रमेश जनबंधु से उसकी कोई मुलाकात नहीं हुई ना वह उसे जानता है फिर भी पुलिस ने उसके फोन की कॉल डिटेल ली तथा पूछताछ की। दो दिन दो रात तक थाने पर रखकर उसे टॉर्चर भी किया गया। दोबारा बुलाने पर पुलिस ने उस पर आरोप लगाया कि मृतक उसके घर पानी पीने आया था तब उसका विवाद हुआ था।
बार-बार पुलिस बुलाकर परेशान कर रही
जिस पर रमेश ने कहा कि यदि विवाद होता तो पड़ोसी जानकारी दे सकते हैं। उसके अगल बगल में लोग रहते हैं वह जरूर पुलिस को बता सकते हैं। फिर तीसरी बार में उससे दोस्तों व परिजनों की लिस्ट ली गई उनके फोन नंबर लिए गए तथा उनसे भी पूछताछ की गई। कुछ नहीं मिलने के बाद भी बार-बार पुलिस बुलाकर परेशान कर रही है। जिसके चलते उसकी मानसिक हालत खराब है। उसने बताया कि उस पर कोई राम अवतार के नाम से 400000 रुपए कर्ज लेने की शिकायत भी हुई है। ऐसा पुलिस ने बताया किंतु वह किसी रामअवतार को नहीं जानता, ना ही उसने किसी से कर्ज लिया है। इन सब बातों को सुनकर लोधी समाज में आक्रोश व्याप्त है। थाना में पहुंचे समाज के जिला अध्यक्ष रजभान लोधी, मूल चंद्र लोधी विष्णु लोधी, भगवती वर्मा, नीरज चंदेल, सुखराम वर्मा, प्रहलाद वर्मा, ओमकार लिल्हारे, तेज लाल वर्मा, दिनेश वर्मा, ईश्वर वर्मा सहित बड़ी संख्या में उपस्थित समाज के लोगों ने कहा यदि समाज के लोगों के साथ इस तरह की गलत हरकत की जाएगी तो वह बर्दाश्त नहीं करेंगे।
