छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कोरोना संक्रमण के आंकड़े एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। जिले में रविवार को 60 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि यह 4 दिन की पेंडिंग रिपोर्ट के कारण हुआ है। इसमें 29, 30 व 31 जुलाई और 1 अगस्त की रिपोर्ट शामिल है। RTPCR रिपोर्ट देरी से जारी हुई है। इसलिए आंकड़ा अधिक दिख रहा है। रविवार को 1493 सैंपल कराए गए थे। दूसरी ओर राज्य से जारी आंकड़ों में 70 पॉजिटिव मरीज बताए गए हैं।
जिले में कोरोना मरीजों के मिलने की दर में बढ़ोतरी हुई है। अभी जिले में रिकवरी रेट 98 प्रतिशत के करीब बनी हुई है। रविवार को 11 मरीज कोरोना रिकवर भी हुए हैं। अब तक जिले में कुल 96584 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 94644 रिकवर हो गए हैं। और 1792 मरीज की मौत हो गई। जिले में अभी एक्टिव केस बढ़कर 148 हो गए है। जिनका इलाज किया जा रहा है।
जिले में तीन दिनों से ठप है वैक्सीनेशन
वैक्सीन को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ी है। इस लिए लोग टीका लगवाने के लिए सामने आ रहे है। जब वैक्सीन की ज़रुरत है तो मिल नहीं रही है। पिछले तीन दिनों से जिले में एक भी वैक्सीन नहीं लगी। यही वजह है कि वैक्सीन सेंटर पर ताले लटक रहे है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो वैक्सीन की डोज सप्लाई नहीं हुई है। इस लिए जिले को वैक्सीन एलाट नहीं हुई है। अब तक दुर्ग जिले में 6 लाख 54 हजार 268 लोगों को पहली डोज और 2 लाख 19 हजार से अधिक को दोनों डोज लग गई है।
CMHO डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसमें अधिकतर मरीजों की हिस्ट्री पाई गई है। सभी पॉजिटिव मरीजों को क्वारैंटाइन किया जा रहा है। जिन जगहों पर 3 से अधिक मरीज होंगे उस क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी कोरोना का संक्रमण पूरी तरह से हमारे बीच से गया नहीं है, इस लिए बचाव ही सुरक्षा है।
