राजनांदगांव। स्कूल शिक्षा विभाग ने दो अगस्त से स्कूलों को खोलने का आदेश जारी कर दिया है। अधूरा आदेश ने शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ-साथ पालकों का सिरदर्द बढ़ा दिया है। आदेश में कक्षा छठवीं, सातवीं, नौवीं, 11वीं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं? है। जिसके चलते शिक्षा विभाग के अफसर इन कक्षाओं के संचालन को लेकर कुछ नहीं? बता पा रहे हैं। इधर, पालक भी असमंजस की स्थिति में हैं। स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश में केवल कक्षा पहली से पांचवीं, आठवीं, 10वीं और 12वीं की कक्षाएं लगाए जाने की बात कही गई है। आदेश में कक्षा छठवीं, सातवीं, नौवीं, 11 वीं की कक्षाओं को खोलना है या नहीं? इसका कोई उल्लेख ही नहीं? है। आदेश को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
दो अगस्त से जिले की स्कूलों को संचालन शुरू होगा। इसके लिए स्कूल प्रबंधनों ने तैयारी शुरू कर दी है। स्कूल प्रमुखों को आदेश जारी कर स्कूलों की साफ-सफाई, कीचन की सफाई, कक्षों की सफाई करने कहा गया है। लेकिन अब तक पालकों की ओर से कोई अनुमति नहीं मिल पाई है। जिसके चलते संशय है कि स्कूल खुलेंगे की नहीं। लेकिन शिक्षा विभाग के अफसरों ने स्कूल खोलने को लेकर पूरी तैयारी कर ली है।
पालकों का कहना है कि स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा पहली से पांच, कक्षा आठवीं, 10 वीं और 12 वीं के संचालन को लेकर आदेश जारी कर दिया है। लेकिन कक्षा छठवीं, सातवीं, नौवीं, 11 वीं कक्षा संचालन को लेकर अब तक आदेश नहीं आया है। इन कक्षाओं के बच्चों की पढ़ाई कैसी होगी यह भी स्पष्ट नहीं है। स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश ने पूरी तरह से कक्षा संचालन को लेकर भ्रम में डाल दिया है। अधूरा आदेश के कारण पालक बैठक में अपनी राय भी नहीं दे पा रहे हैं।
इधर स्थानीय शिक्षा विभाग ने स्कूल संचालन को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। संस्था प्रमुखों को आदेश भी जारी कर दिया गया है। स्कूलों की साफ-सफाई कराई जा रही है। साथ ही बच्चों को माध्यान्ह भोजन देने के लिए सुरक्षित जगह की व्यवस्था की जा रही है। क्योंकि स्कूल आने वाले बच्चों को मध्यान्ह भोजन पकाकर खिलाया जाएगा। बता दें कि प्रायमरी स्कूल खोलने के लिए पंचायत से अनुमति लेनी होगी। वहीं हाई व हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की लिए अनुमति की जरुरत नहीं पड़ेगी। लेकिन हाय व हायर सेकेंडरी स्कूल में 50 फीसद ही बच्चों को बुलाना होगा।
