कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने अम्बागढ़ चौकी के सुदूर वनांचल गांवों में पहुंचकर वहां चल रही विभिन्न गतिविधियों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम केकतीटोला, ओटेबांधा, पेन्दलकुही व ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अम्बागढ़ चौकी मुख्यालय में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय भवन निर्माण के लिए निरीक्षण किया। नए स्थल योजना के अनुसार भवन निर्माण करने के निर्देश दिए। कहा कि स्कूल भवन निर्माण गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए। स्कूल स्वयं के बच्चों के लिए है, इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। लैब, कम्प्यूटर व बच्चों की कक्षा आकर्षक होनी चाहिए। केकतीटोला में 6 वर्षों से बंद पड़े लाख प्रसंस्करण केंद्र को शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के अनुसार बीच में बने पुराने भवन को तोड़ने के निर्देश दिए। स्कूल में प्रायमरी, मिडिल व हाईस्कूल में वाटर प्यूरी फायर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी समिति की बैठक कर उन्हें नए स्कूल भवन योजना के बारे में जानकारी दें।
महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली
कलेक्टर सिन्हा ने पेंदलकुही के गौठान का निरीक्षण कर महिलाओं द्वारा किए जा रहे आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिला स्वसहायता समूह के क्रियाकलाप के लिए आजीविका वर्कशेड में वर्मी कम्पोस्ट का अवलोकन किया। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि गौठान को मॉडल गौठान के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए गौठान में महिला स्वसहायता समूह द्वारा विभिन्न गतिविधियों को शुरू करें।
उद्यान रोपणी को देखा, सीड तैयार करने पर दिया जोर
केकतीटोला के उद्यानिकी रोपणी का अवलोकन किया। कहा कि गौठानों में पौधरोपण के लिए सीड तैयार कर गौठान के स्वसहायता समूह की महिलाओं को उपलब्ध कराएं। इससे गौठानों में पौधरोपण किया जाएगा। कलेक्टर सिन्हा ने कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. बीएस राजपूत के निर्देश दिए कि मशरूम उत्पादन के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दें। सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा ने बताया कि 18 एकड़ में रोपणी का कार्य किया गया है और यहां सीड उत्पादन भी किया जा रहा है। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
