ग्राम हीरापुर के किसानों को अब तक बिजली का स्थाई कनेक्शन नहीं मिल पाया है। बिजली कंपनी ने खंभे तो लगा लिए लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं लगाया है और कई जगह तो तार खींचना ही भूल गए हैं। मार्च व अगस्त 2019 में 14 किसानों ने 7.50 लाख रुपए की डिमांड राशि बिजली कंपनी में जमा की थी।
भाजपा युवा कार्यकर्ता हेमलाल वर्मा ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि न सिर्फ हीरापुर बल्कि क्षेत्र के सभी गांवों के किसानों ने दो साल पहले ट्यूबवेल के लिए स्थाई कनेक्शन लेने डिमांड राशि जमा किया था। लेकिन अब तक किसानों को स्थाई कनेक्शन नहीं मिल पाया है। लगातार दबाव बनाने के बाद 20 जून को हीरापुर में खंभा पहुंचा और खेतों में गड़ाया गया। तार खींचने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं लगा है।
वहीं कई किसानों के खेतों तक तार ही नहीं खींचा गया है। वर्मा ने कहा कि अगर किसान डिमांड राशि को जमा करने में महीने भर देरी कर देता है तो उस राशि का ब्याज भरना पड़ता है। जबकि किसानों ने कर्ज लेकर बिजली कंपनी में पूरी डिमांड राशि जमा कर दी है। मामले में वर्मा ने विधायक व मुख्यमंत्री से ग्राम हीरापुर के साथ-साथ अन्य गांवों के किसानों को जल्द से जल्द स्थाई कनेक्शन दिलाने की मांग की है।
