करोड़ों रुपए खर्च कर फोरलेन सड़क बनवाई गई है। इसके एवज में निर्माण कंपनी की ओर से टोल प्लाजा में हर वाहन चालक से टैक्स की वसूली की जा रही है पर कंपनी सड़कों की मरम्मत में जरा भी गंभीरता नहीं दिखा रही है। सड़क से डामर उखड़ गए हैं। गड्ढे में वाहन चालक हिचकोले खाने मजबूर हो गए हैं।
वहीं बुनियादी सुविधाएं देने के नाम पर टैक्स वसूलने वाला नगर निगम भी शहरवासियों को साफ-सुथरा और सुरक्षित सड़क देने में फेलवर है। बारिश के बाद से ही शहर की सड़कों की हालत खराब हो गई है। समय पर टैक्स अदा करने वाले निगम को अब कोसने लगे हैं। फोरलेन पर अंजोरा से टेडेसरा तक जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। इधर सोमनी और ठाकुरटोला के बीच भी सड़क पिचक सी गई है। डामर उखड़ जाने से वाहन चालकों को हिचकोले खाने पड़ रहे हैं। नियमित रूप से मेंटेनेंस नहीं किए जाने की वजह से सड़क अप-डाउन हो गई है।
बारिश के बीच चल रहा पाइप बिछाने का काम
इधर नगर निगम की ओर से अमृत मिशन प्रोजेक्ट के तहत पाइप बिछाने के लिए सड़कों की बेतरतीब खुदाई की जा रही है। इस प्रोजेक्ट तहत गर्मी के दिनों में ही पाइप बिछाने का काम पूरा हो जाना था पर अफसरों ने गंभीरता नहीं दिखाई और अब बारिश में खुदाई होने से सड़क की हालत खराब हो रही है। लोग कीचड़ में फंस रहे हैं तो वहीं खुदाई के बाद समतल नहीं किए जाने से गड्ढे में हिचकोले खाने मजबूर हैं।

पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई करने की वजह से सिविल लाइन क्षेत्र की सड़क खराब हो गई है।
नियमित मेंटेनेंस करना है पर ध्यान नहीं दे रहे
फ्लाई ओवर में भी गड्ढे नजर आ रहे हैं। जबकि कंपनी को नियमित रूप से सड़क का मेंटेनेंस करना है। बताया गया कि कंपनी के पास मेंटेनेंस डिपार्ट अलग से है पर इसके जिम्मेदार अफसर और कर्मचारी इसे ओर झांक ही नहीं रहे हैं। भानपुरी के पास भी सड़क की हालत खराब है।
सोमनी अंडरब्रिज में भर जाता है बारिश का पानी
सोमनी अंडरब्रिज के पास बारिश होते ही पानी का जमाव हो जाता है। ग्रामीणों को घुटने भर पानी अंडरब्रिज पार करना पड़ता है। सोमनी के भाजपा नेता कृष्णा तिवारी ने बताया कि समस्या बता चुके हैं पर कोई सुधार नहीं किया जा रहा है। किसी दिन कंपनी के अफसरों को ग्रामीणों के रोष का सामना करना पड़ सकता है।
बीच सड़क की खुदाई से रात में हो रही दुर्घटनाएं
पाइप बिछाने की हड़बड़ी में कुछ जगहों पर सड़क को बीच से खोदा गया है। इसके चलते अब बारिश में गड्ढे हो गए हैं और इनमें पानी भर गया है। सिविल लाइन सहित बसंतपुर एरिया की सड़क पर 50 से भी ज्यादा गड्ढे हैं। इन गड्ढों की वजह से रात को बाइक से आवाजाही करने वाले दुर्घटना का भी शिकार हो रहे हैं।
मेयर हेमा ने कहा- चेक कराकर मरम्मत कराएंगे
नगर निगम की महापौर हेमा देशमुख का कहना है कि अफसरों के माध्यम से चेक कराने के बाद निगम सीमा क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत कराएंगे। दूसरे विभाग की सड़क होगी तो उन्हें भी निर्देशित करेंगे। वहीं फोरलेन निर्माण कंपनी को मेंटेनेंस के लिए पत्र लिखेंगे। बिजली संबंधित समस्या को भी दूर कराएंगे।
