रूर्बन ग्राम मुरमुंदा में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। सिंचाई के लिए किसान ट्यूबवेल का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। दैनिक काम-काज भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। तेज हवा नहीं चलने के बाद भी दिनभर बिजली बंद रखी जाती है। दिनभर अघोषित कटौती रहने से मुरमुंदा समेत आस-पास गांव के व्यापारी भी हलाकान है।
इलेक्ट्रिक से चलने वाले सभी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के फाॅर्म भरने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है। दिनभर बिजली बंद रहने से ऑनलाइन सेंटरों में काम नहीं हो पा रहा है। फोटोकॉपी, आटा चक्की, हाॅस्पिटल समेत अन्य कार्य दिनभर ठप रहते हैं। मुरमुंदा में संचालित स्टेट बैंक की शाखा में काम-काज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कटौती की शिकायत करने के बावजूद अब तक समाधान नहीं हो पाया है। जबकि अभी कृषि कार्य तेजी पर है। खेतों में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल से पानी की जरूरत पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा ही हाल रहा तो उग्र आंदोलन करेंगे।
