छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला ने राज्य में जिला व ब्लॉक मुख्यालयों में भाजपा द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन को आश्चर्यजनक बताते हुये कहा कि राज्य के समस्त कृषक तथा प्रत्येक नागरिक जानते हैं कि ना तो छत्तीसगढ़ सरकार रासायनिक खादों का निर्माण करती है और ना ही आपूर्ति करती है।
छग शासन की ओर से प्रत्येक खरीफ सत्र प्रारंभ होने के पूर्व ही भारत सरकार से रासायनिक खाद व उर्वरक की आपूर्ति हेतु मांग पत्र प्रेषित किया जाता है। उसके अनुसार ही उर्वरक उत्पादक कंपनियां रासायनिक खाद डीएपी सुपर यूरिया तथा एनपीके खाद की आपूर्ति करती है।
किंतु राज्य में भूपेश बघेल की सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से जानबूझकर वांछित मात्रा की खाद्य राज्य के 28 जिलों में प्रदान नहीं की जा रही है। जो कि केंद्र सरकार द्वारा एक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस शासित राज्यों में किया जा रहा है। ताकि राज्य की जनता एवं किसान परेशान हो। राज्य के कृषकों को अपनी घोषणा के सौ फीसदी क्रियान्वयन हेतु भूपेश सरकार संकल्पित है। किसानों के लिए हर कदम पर योजनाएं लागू कर उन्हें समृद्ध बना रहे हंै।
