नगर की मुख्य सड़कों पर हुए गड्ढों को भरने गुरुवार को पालिका का पूरा अमला डटा रहा। सीएमओ पूजा बख्शी, सब इंजीनियर दीपाली तंबोली सहित कर्मचारी जुटे रहे लेकिन इन गड्ढों में केवल मुरुम डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई है। जो बारिश के बाद फिर कीचड़ और फिसलन की स्थिति निर्मित करेगा।
नगर पालिका की टीम इतवारी बाजार-किलापारा के हिस्से में पहुंची। जहां सुबह से दोपहर तक गड्ढों को भरने का काम चलता रहा लेकिन इन गड्ढों पर स्थाई पेंचवर्क की जगह मुरुम डाल दी गई है, जो बमुश्किल कुछ ही दिनों तक टिकेगी। इसके बाद हालात फिर बदतर हो जाएंगे। जिन गड्ढों में मुरुम डाली गई है, वे बारिश के साथ ही और खतरनाक हो जाएंगे। मुरुम की वजह से कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनेगी। लेकिन अफसर इस अस्थाई औपचारिकता को पूरी कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। इधर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शहर में जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत स्थाई रूप से करने की मांग की है।
लांजी मार्ग पर भी हालात यही: दाउचौरा के लांजी मार्ग पर भी गड्ढे हैं इस सड़क की मरम्मत का जिम्मा पीडब्ल्यूडी का है लेकिन इसकी भी अफसर अनेदखी कर रहे हैं। लंबे समय से लोगों को इसी खस्ताहाल सड़क से आवाजाही करना पड़ रहा है। इस सड़क की हालत को लेकर भी पूर्व में शिकायत हो चुकी है, लेकिन अफसर गंभीर नहीं है।
