किसानों के द्वारा जून माह में ही धान सोयाबीन अरहर के फसलों का बुआई किया जा चुकी है। आषाढ़ में लगातार 20 दिनों तक बारिश नहीं होने से किसान चिंतित व परेशान दिखाई दे रहे थे। सावन लगते ही मंगलवार व बुधवार को लगातार दो दिन से बारिश हो रही है। बारिश होने से किसानों के चेहरे में खुशी दिखाई दे रही है तो वहीं ग्राम बोरई के कुछ ग्रामीणों के लिए यह बारिश आफत बन गई है। दो दिनों से लगातार बारिश होने की वजह से ग्रामीणों के द्वारा बनाए गए कचरे गड्ढे में पानी भरकर वह पानी ग्रामीणों के घरों में भर जा रहा है।
पानी निकालने के लिए किसी भी प्रकार की कोई निकासी व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से पानी घरों में घुस रहा है। ग्राम बोरई के ग्रामीण संतोष साहू, बहल साहू, लीलाराम साहू, रामस्वरूप, नंदकुमार, जयकरण, कुंभकरण, घनश्याम साहू, पीलूराम वर्मा के साथ-साथ वार्ड क्रमांक 3 व 4 के बहुत से घरों में पानी भर गया है। कई ऐसे घर हैं जहां पर दो-दो फीट तक पानी भरा हुआ है। ग्रामीण रात भर पानी निकालने की व्यवस्था कर रहे हैं परंतु पानी नहीं निकल पा रहे। रात भर ग्रामीण पानी निकालते निकालते रातभर सो भी नहीं पाए हैं। दूसरे दिन भी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से अभी तक पानी निकलने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने की सभापति से मुलाकात
नाली की समस्या को लेकर ग्रामीण 16 जुलाई को सभापति गुलशन तिवारी से भी मिलने गए थे। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सभापति तिवारी ने तत्काल मुख्य कार्यपालन अधिकारी छुईखदान को एक पत्र लिखकर मनरेगा के तहत 200 मीटर नाली निर्माण के लिए स्वीकृति के लिए पत्र भेजा है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी छुईखदान ने तुरंत नाली निर्माण के लिए स्वीकृति मिल जाने की बात कही है।
जेसीबी मंगवाकर पानी निकालने की व्यवस्था की
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सरपंच ग्राम पंचायत बोरई ने जेसीबी मंगाकर पानी निकालने का व्यवस्था की थी, जिस पर ग्राम बोरई के ही कुछ ग्रामीणों के द्वारा विरोध किया गया था कि अपने पहचान के जेसीबी को मंगा कर उनको लाभ पहुंचाने के लिए जबरदस्ती गड्ढा किया गया है। साथ ही नाली निर्माण किया गया है। इसे देखते हुए इस वर्ष भी समस्या उत्पन्न ना हो करके सरपंच व ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रामीणों के द्वारा छुईखदान, गंडई, एसडीएम, तहसीलदार व थाना प्रभारी व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को लिखित में आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया था। प्रशासन के द्वारा किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई है।
घरों में पानी भरने से कई कच्चे मकान गिर भी सकते हैं
कई ऐसे घर है जिसके घरों में पानी भरा हुआ है वह घर कच्चे हैं। लगातार पानी भरने की स्थिति में वह घर गिर भी सकते हैं। किसी भी प्रकार की जनहानि भी हो सकती है। ग्रामीणों के घरों में भरे हुए पानी को ग्रामीण जीवन धुर्वे की घर के तरफ से पानी निकालने का एकमात्र विकल्प है। पंचायत व ग्रामीणों के द्वारा जीवन धुर्वे को आवेदन देकर व मौखिक रूप से पानी निकालने के लिए आग्रह किया गया है। ग्रामीणों के आग्रह पर जीवन धुर्वे ने सहमति जताई है। बता दें कि ग्राम बोरई ट्यूबवेल खनन के नाम पर ड्राई जोन है। वहां पर ट्यूबवेल खुदाई करने पर पानी नहीं निकल पाता है।
जल्द ही पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी
इस संबंध में सरपंच ग्राम पंचायत बोरई लेखराम डहरवार ने बताया कि मेरे व पंचायत सचिव के द्वारा जीवन धुर्वे के घर में जाकर पानी निकालने का आग्रह किया गया है। इस पर धुर्वे ने सहमति दे दी है। जल्द ही पानी निकलने की व्यवस्था की जाएगी।
