नक्सल संगठन ने 28 जुलाई से शहीद सप्ताह मनाने की चेतावनी दी है। इसे लिए गढ़चिरौली के कुछ हिस्सों में पर्चे भी फेंके गए हैं। इधर मानपुर इलाके में भी फोर्स अलर्ट मोड पर है। अपने शहीद सप्ताह के दौरान नक्सली कई हिस्सों में दहशत फैलाने का प्रयास करते हैं ।
इधर गढ़चिरौली इलाके में बीते कुछ समय में फोर्स से 20 से अधिक नक्सलियों को ढेर किया है। आशंका है कि इसी के विरोध में नक्सली वाहनों में आगजनी और हाइवे में पेड़ गिराने जैसी हरकत कर सकते हैं। गढ़चिरौली पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसे देखते हुए पुलिस ने रात के वक्त मालवाहकों की आवाजाही रोकने की तैयारी की गई है।
महाराष्ट्र से छग तक हाईवे का एक बड़ा हिस्सा सुनसान क्षेत्र होता है, यही हिस्सा नक्सलियों के सबसे अधिक मूवमेंट के लिए भी संवेदनशील माना जाता है। इसे देखते हुए फोर्स ने मालवाहकों को रात में चेकपोस्ट लगाकर रोकने की तैयारी की है। इस रुट के सभी वाहनों को रात में रोक दिया जाएगा। सुबह होने के बाद ही फोर्स वाहनों को एक साथ रवाना करेगी। इससे किसी तरह की अप्रिय घटना या नक्सल हरकतों को रोका जा सकेगा। गढ़चिरौली इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
एक दिन पहले बरामद किया कुकर बम
नक्सलियों के शहीद सप्ताह शुरू होने से पहले ही गढ़चिरौली पुलिस को सफलता भी हाथ लगी है। कुरखेड़ा के लवारी जंगल में सर्चिंग में निकली सी-60 टीम ने जंगल में रखे कुकर बम सहित पिट्ठू और नक्सलियों का दूसरा सामान भी जब्त किया है। पूरे इलाके में फोर्स ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
