हिन्दू युवा मंच जिला इकाई ने तीज त्योहारों पर अर्पित की जाने वाली पूजा सामग्रियों का सदुपयोग करने नगर के प्रमुख प्रमुख मंदिरों और देवालयों में विसर्जन कुंड बनाने की मांग निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी से की है। हिन्दू युवा मंच ने अपने ज्ञापन के माध्यम से एक और अनूठी परिकल्पना पर निगम आयुक्त का ध्यानाकर्षण कराया है। 26 जुलाई को प्रारंभ होने वाले सावन सोमवार के आरंभ से तीज त्योहारों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। इसमें श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार फूल-फल, बेल पत्ती जैसी पूजन सामग्री चढ़ाते हैं।
उपरोक्त सामग्रियों को नदी या तालाबों में प्रवाहित करने अथवा विसर्जित करने की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण इन्हें अन्यत्र कहीं भी रखे जाने अथवा प्रवाहित करने से अच्छा यह है कि उनके लिए विशेष विसर्जन कुण्ड का निर्माण किया जाए और ये सभी पूजन सामग्रियां देव प्रतिमाओं को अर्पित करने के बाद बड़ी संख्या में एकत्रित हो जाने पर इन्हें विसर्जन कुण्ड में संग्रहित किया जाए। इनका उपयोग कम्पोस्ट खाद्य बनाने में किया जाए। यह पहल पर्यावरण के संरक्षण में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा वहीं धार्मिक आस्था के साथ-साथ जागरूकता भी पैदा होगी। हिन्दू युवा मंच के जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सैकड़ों मंदिर और देवालय हैं। युवा मंच ने संस्कारधानी नगरी के हजारों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावना और आस्था का ख्याल रखते हुए विसर्जन कुंड बनाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने कंपोस्ट खाद का निर्माण करने की मांग आयुक्त से की है।
