बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला से 4 लाख की ठगी कर ली गई है। आरोपी ने महिला से सोशल मीडिया में दोस्ती की, फिर उसे भरोसे में लेकर विडियो कॉलिंग में बात की। दोनों के बीच कुछ तस्वीरें भी साझा हुई। इसके बाद आरोपी महिला को ब्लैकमेल करने लगा।
36 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पंजाब के गोरा गिल उर्फ गिल प्रसाद से उसकी सोशल मीडिया में दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होती रही। इसी दौरान पीड़िता ने अपनी कुछ तस्वीरें आरोपी गोरा गिल से साझा की। महिला ने बताया कि इसके बाद से आरोपी उसकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने लगा। दिसंबर 2020 में आरोपी उससे मिलने शहर भी आया, तब धमकी से परेशान महिला ने उसे 1 लाख 60 हजार रुपए और ढाई लाख रुपए के गहने देकर अपनी तस्वीरें डिलीट करने की बात कही। इसके बाद से दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। लेकिन 11 जुलाई को आरोपी का फिर कॉल आया, जिसने दोबारा ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। डरकर महिला ने फिर आरोपी के खाते में 49 हजार रुपए डाल दिए । परेशान होकर महिला ने अपने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
