छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा एक बार फिर अपनी फिसलती जुबान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को फूलनदेवी कहकर संबोधित किया। इस पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.रेखा मेश्राम ने इसकी निंदा की है। उन्होंने मंत्री कवासी लखमा के इस्तीफे की मांग की है।
साथ ही महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मंत्रियों और महिलाओं को धोखे में रखने वाली सरकार को बर्खास्त करने की मांग भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष किरण साहू, महामंत्री पारुल जैन, देवकुमारी साहू व महिला मोर्चा प्रभारी सरोजनी बंजारे ने की है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपने हुनर और कौशल से देश का नाम रोशन कर रही हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से महिलाओं के प्रति राज्य सरकार की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है। मंत्री लखमा द्वारा भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री और छत्तीसगढ़ प्रभारी पुरंदेश्वरी को फूलनदेवी बोलकर संबोधित करना कांग्रेस सरकार की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। एक मंत्री को मीडिया के सामने एक महिला नेता के खिलाफ ऐसे शब्दों का प्रयोग करना शोभा नहीं देता।
उन्होंने कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सार्थक प्रयास कर रहें हैं, उनके सम्मान व स्वाभिमान के लिए निरंतर कार्य कर रहें हैं, महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए आज केंद्र सरकार में उन्हें मंत्री का स्थान दिया है, वहीं उनके नेतृत्व क्षमता पर विश्वास जताते हुए उन्हें कई बड़ी जिम्मेदारी दी है। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री भाजपा की महिला नेत्री के संघर्ष का अपमान कर रहे हैं। यह निंदनीय है। पुरंदेश्वरी के खिलाफ दिए गए बयान का विरोध करते आबकारी मंत्री को माफी मांगने की बात कही है।खबरें और भी हैं…
