रेलवे स्टेशन में गोंदिया-झारसुगुड़ा ट्रेन के पहुंचने के ठीक पहले टिकट काउंटर का प्रिंटर खराब हो गया। इसके चलते कतार में लगे यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाई। कुछ यात्रियों ने तो ट्रेन पकड़ी ही नहीं, वहीं ज्यादातर यात्री बगैर टिकट के ही ट्रेन पर चढ़ गए। इसके बाद यात्रियों की टीटीई से बहस भी होती रही।
जेडी पैसेंजर सुबह 7.10 बजे स्टेशन पहुंचती है। इस ट्रेन से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। पहले ही स्टेशन में सिंगल विंडो से टिकट दिया जा रहा है। उस पर प्रिंटर खराब होते ही काउंटर में भीड़ लग गई। लोग टिकट की मांग करते रहे, इसी बीच जेडी पैसेंजर भी प्लेटफार्म पर पहुंच गई। लेकिन तब तक व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई थी। ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री बगैर टिकट के ही ट्रेन पर चढ़ गए।
कुछ यात्रियों की टिकट जब टीटीई ने चेक करने पहुंचे, तो उन्होंने काउंटर में आई दिक्कत की जानकारी दी। जिसके बाद टीटीई और यात्रियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। सिंगल विंडो से हो रही दिक्कत को देखते हुए रेलवे वेलफेयर कम्यूटर एसोसिएशन ने नागपुर मंडल के डीआरएम को पत्र भी लिखा है। जिसमें पूर्व में संचालित हो रहे प्लेटफार्म नंबर एक के टिकट के काउंटर को शुरू करने, एमएसटी की सुविधा शुरू करने की मांग की है।
