पुलिस चौकी चिचोला क्षेत्र के उरईडबरी और तेंदूनाला के बीच में रिच ढाबा के पास गुरुवार रात्रि करीब 8 बजे घर लौट रहे बाइक सवारों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार जोब पुलिस चौकी क्षेत्र के कटेंगा निवासी प्रमोद कुमार सलामे पिता तिजुराम सलामे 24 वर्ष भारी वाहन चालक का कार्य करता था।
वह राजनांदगांव में छुट्टी लेकर घर आने रुका था। अपने गांव के सुभाष पिता तेजराम 21 वर्ष को लेने फोन पर बुलाया था, जिससे सुभाष बाइक क्रमांक सीजी 08 आर 0746 को लेकर राजनांदगांव आया, जहां से घर वापसी के दौरान रिच ढाबा के पास दुर्घटनाग्रस्त वाहन को टोचन कर नागपुर की ओर ले जाया जा रहा था, तभी पीछे बाइक सवार घुस गए, जिससे मौके पर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं एक घायल युवक को डायल 112 और अशोका बिल्डकॉन के एंबुलेंस से छुरिया स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर करने की तैयारी चल रही थी, इसी दरम्यान घायल युवक ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जाता है सड़क दुर्घटना के समय रिमझिम बरसात हो रही थी और रोशनी भी कम रहने से टोचन ले जा रहे वाहन को नहीं देख पाए बाइक सवार और दुर्घटना के शिकार हो गए। जिससे दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों के शव को छुरिया मरच्यूरी में रखवाया गया था। रात को ही पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई थी।
