लखोली संतोषी नगर के रहवासियों ने शुक्रवार को नगर निगम का घेराव किया। बस्ती वालों ने कहा कि 30 साल का पट्टा नहीं दिया जाएगा तो झोपड़ी तोड़कर दूसरी जगह जाएंगे ही नहीं। बताया कि लंबे समय से पट्टे की मांग करते आ रहे हैं। चुनाव के दौरान नेताओं ने आश्वासन दिया था कि पट्टा जारी करेंगे पर अब चक्कर लगवाया जा रहा है।
बस्ती के रहवासियों ने भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के बैनर तले बस्ती के रहवासियों ने नगर निगम दफ्तर का घेराव कर दिया। भाजपा पार्षद शिव वर्मा, गगन आइच, पूर्व पार्षद दीपक चौहान, मिथलेश्वरी वैष्णव ने निगम के घेराव के दौरान कहा कि पट्टा जारी नहीं किया जाएगा तो उग्र आंदोलन करने बाध्य होना पड़ेगा। बस्ती के रहवासियों ने बताया कि पूर्व में अफसरों ने भी पट्टा जारी करने का आश्वासन दिया था।
बाकायदा घर-घर सर्वे किया गया था पर अब पट्टे के लिए भटकाया जा रहा है। वहीं निगम के कर्मचारी आए दिन बस्ती में आकर झुग्गी झोपड़ी को खाली कराने दबाव बनाते हैं। बस्ती वालों ने कहा कि झोपड़ी तोड़कर कहीं नहीं जाएंगे, यह बैठक लेकर निर्णय कर चुके हैं। आयुक्त ने जल्द समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।
