जिले में सोमवार को उत्सव की तरह वृक्षारोपण अभियान मनाया गया और विभिन्न स्थानों में सघन पौधरोपण किया गया। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आज 70 एकड़ भूमि पर व्यापक पैमाने पर सभी विकासखंडों में फलदार पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इस योजना के तहत 2 हजार 500 पौधे लगाएं गए तथा आगे भी लगातार इस अभियान के तहत पौधरोपण जारी रहेगा।
इसके साथ ही गौठानों में भी पौधरोपण किया गया। वृक्षारोपण को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री की इस योजना से न केवल ग्राम पंचायतों को फायदा मिलेगा, बल्कि किसान भी लाभान्वित होंगे। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों की विशेष सहभागिता रही। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में सोमवार को पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जिले भर में वृक्षारोपण के लिए अभियान चलाया गया।
कलेक्टर ने सभी नागरिकों से पौधरोपण के लिए अपील करते हुए कहा है कि शुद्ध वायु जीवन के लिए अपरिहार्य है, इसकी महत्ता को समझते हुए हम सब पौधरोपण का संकल्प लें। हरी भरी धरती से जैव विविधता कायम है, वहीं प्रकृति के संरक्षण से पर्यावरण संतुलन बना रहेगा। गांव के साथ ही शहरों में भी सघन पौधरोपण की जरूरत है। पौधरोपण के साथ ही पौधे की सुरक्षा का ध्यान रखने की जरूरत है। शासकीय भूमि पर काजू, आंवला, कटहल, अमरूद, जामुन, नींबू, मुनगा, आम के पौधे लगाए जा रहे हैं।
प्रति एकड़ 10 हजार रुपए मिलेगी प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत वृक्षारोपण करने पर प्रति एकड़ 10 हजार रुपए के मान से ग्राम पंचायतों को आदान सहायता मिलेगी एवं 3 वर्ष तक यह आदान सहायता प्राप्त होगी। इससे ग्राम पंचायतों की आय में वृद्धि होगी। ग्राम पंचायतें ही मिश्रित उद्यान का रख-रखाव करेंगे।
आने वाले वर्षों में ग्राम पंचायत चाहे तो भूमिहीन कृषक एवं महिला स्वसहायता समूह को कार्य के लिए दे सकते हैं। उद्यानिकी एवं वन विभाग द्वारा पौधे उपलब्ध कराएं जा रहे हैं। तकनीकी मार्गदर्शन उद्यानिकी विभाग एवं इसके लिए कार्य एजेंसी ग्राम पंचायतें हैं। अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत सोनसायटोला में भी पौधे लगाए।
