राजनांदगांव। लाकडाउन खुलने के बाद कोरोना संक्रमण के बढ़ने की संभावना को देखते हुे मास्क नहीं लगाने व शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों एवं दुकानदारों पर नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की टीम ने जुर्माना लगाया। निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि लाकडाउन के बाद बाजार में भीड़ की स्थिति निर्मित हो रही है। जिससे कोरोना संक्रमण का खतरा बड़ रहा है। जिसे रोकने को शारीरिक दूरी का पालन करना एवं मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। किंतु समझाने के बाद भी कुछ व्यक्तियों एवं दुकानदारों द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
शनिवार को निगम एवं पुलिस टीम शहर के क्षेत्रों में घूमकर कार्रवाई करते हुए समझाइश दी। जिसमें कोचर ज्वेलर्स सिनेमा लाइन, प्रकाश आटोमोबाइल नंदई कुंआ चौक व अग्रवाल पंप गंज लाइन के संचालक से शारीरिक दूरी का पालन नही करने व मास्क नहीं लगाने पर पांच-पांच सौ रुपये कुल 15 सौ रुपये अर्थदंड लगाया गया। साथ ही लोगों द्वारा बसंतपुर डोंगरगांव रोड एचपी पेट्रोल में के पास, पोस्ट आफिस चौक के पास बिना मास्क लगाए घूमते पाए जाने पर भी कार्रवाई कर मास्क लगाने व शारीरिक दूरी का पालन करने की समझाइश दी गई। आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा है कि कोरोना की दूसरी लहर पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है और निकट भविष्य में तीसरी लहर आने की भी संभावना है। जिसे ध्यान में रखते हुए मास्क लगाए, शारीरिक दूरी का पालन करे, ग्राहकों से भी मास्क लगाने को कहे व बिना मास्क लगाये ग्राहक को सामान न दे।
