राजनांदगांव। राज्य की सत्ता में जिले की सहभागिता बढ़ गई है। शहीद उदय मुदलियार के बेटे व युवा नेता जितेंद्र मुदलियार (जीतू) को राज्य युवा आयोग में अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। मोहला-मानपुर से विधायक रह चुकीं तेजकुंवर नेताम को बाल अधिकार संरक्षण आयोग में अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वहीं वरिष्ठ नेता श्रीकिशन खंडेलवाल को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में सदस्य का दायित्व सौंपा गया है। इसके पहले आधा दर्जन नेताओं को भूपेश सरकार ने अहम जिम्मेदारी सौंपकर जिले का राजनीतिक रूतबा बढ़ाया था।
भाजपा शासनकाल में रहा जिले का राजनीतिक रूतबा ढाई साल बाद लौट आया। मंत्री स्तर के आधा दर्जन पदों पर पहले ही जिले का कब्जा था। इसमें चार अन्य नाम भी जुड़ गए। गुरुवार रात को राज्य शासन की ओर से जारी निगम-मंडल व आयोगों की सूची में जिले को अपेक्षित स्थान मिला। जीतू मुदलियार को छत्तीसगढ़ युवा आयोग का अध्यक्ष बनाकर भूपेश सरकार में सम्मानजनक स्थान दिया गया है। अध्यक्षीय कार्यक्ला में जिले की छह में से चार विधानसभा सीटें जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले नवाज खान को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की कमान सौंपी गई है। इसी तरह पूर्व विधायक तेजकुंवर नेताम को बाल अधिकार संरक्षण आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ नेता श्रीकिशन खंडेलवाल को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड में सदस्य बनाया गया है। गोसेवा आयोग में मन्नाालाल यादव को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से सत्ता में सहबागिता की बड़ी उम्मीद की जा रही थी। धीरे-धीरे यह पूरी भी हो गई। इसके पहले डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष हैं। मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी व डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल संसदीय सचिव की जिम्मेदारी में हैं। पूर्व मंत्री धनेश पटिला के पास अंत्यावसायी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष का दायित्व है। हफीज खान छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग में सदस्य बनाए गए हैं।
राज्य की सत्ता में सहभागिता को लेकर नईदुनिया का आंकलन एकदम सटीक साबित हुआ। हमने करीब पौने दो माह पहले 23 मई को ही बता दिया था कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में अध्यक्ष की कुर्सी नवाज खान को सौंपी जा सकती है। जितेंद्र मुदलियार को किसी आयोग का अध्यक्ष बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की भी संभावना जताई गई थी। साथ ही श्रीकिशन खंडेलवाल जैसे वरिष्ठ नेता को भी सत्ता में सहभागी बनाने का जिक्र हमने उसी समय ही कर दिया था। एक दिन पहले राज्य सरकार द्वारा जारी सूची से सारे आंकलन सटीक साबित हुए।
