कोरकोट्टी हमले की 12वीं बरसी पर जिले भर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुए। जहां आरक्षी केंद्र में एसपी स्व.वीके चौबे सहित 29 जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए वहीं घटनास्थल पर भी जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन में गमगीन माहौल में जब परिजन अपने वीर सपूतों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर रहे थे, तब उनके सब्र का बांध भी टूटता नजर आया। छलकती आंखों से उन्होंने पुष्प अर्पित किए। पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें संभाला और ढांढस बंधाया।
घटनास्थल पर पहुंचे जवान: सुबह चार बजे एसडीओ पी हरीश पाटिल, मानपुर टीआई लक्ष्मण केवट व पुलिस बल के साथी घटनास्थल पर पहुंचे। कोरकोट्टी के जंगल में जाकर कैंडल लाइट जलाकर प्रार्थना सभा की। वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। टीआई केवट ने कहा कि इनकी शहादत हमें हर दिन नई उर्जा प्रदान करती है।
