जिला साहू संघ की प्रबंधकारिणी की बैठक जिला साहू सदन जिला चिकित्सालय के सामने जिला अध्यक्ष कमल किशोर साहू की अध्यक्षता में हुई। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिला महामंत्री अमरनाथ साहू ने बताया कि जिले के जिन तहसील, परिक्षेत्र व ग्राम इकाई का कार्यकाल अवधि पूर्ण हो चुकी है उन सभी की चुनाव प्रक्रिया 15 जुलाई से 15 अक्टूबर के मध्य कराने का निर्णय लिया गया है।
समाज ने वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम पखवाड़ा चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले के प्रत्येक गांव में समाज की ग्राम ईकाई को कम से कम 10 पौधे लगाने व उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी जाएगी। सभी परिक्षेत्र व तहसील को भी लक्ष्य दिया गया है। इस तरह कुल 15000 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है, जिसकी शुरुआत जिला मुख्यालय से की जाएगी।
बैठक में कोरोना संक्रमण काल में चलाए गए एम्बुलेंस सेवा की समीक्षा कर न्यूनतम दर पर सबके लिए एम्बुलेंस सेवा जारी रखने, प्रत्येक परिवार से संबद्धता शुल्क, सामाजिक न्याय प्रणाली सरल, सुलभ बनाए जाने व नियमानुसार सभी ईकाई की अंशदान राशि वितरण, भवन व परिसर के निर्माण व मरम्मत कार्यों के अलावा कोरोनाकाल में समाज के रुके सामाजिक व रचनात्मक गतिविधियों को प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए किए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कोषाध्यक्ष विवेक साहू, उपाध्यक्ष डीडी साहू व नीरा साहू, संगठन सचिव हेमंत साहू, सहसचिव धरम साहू, उपकोषाध्यक्ष भुवाल साहू, अंकेक्षक अंजोर सिंह साहू शामिल थे।
प्रत्येक व्यक्ति का टीकाकरण कराने दी गई जिम्मेदारी: जिला साहू संघ ने वैक्सीन लगाओ जीवन बचाओ अभियान, कर्मा सेवा शक्ति कलश यात्रा के माध्यम से वैक्सीनेशन के प्रति जन जागरूकता कार्यक्रम व जिला राजनीति प्रकोष्ठ के माध्यम से प्रचार रथ के माध्यम से किए गए कार्यों का अच्छा परिणाम देखने को मिला है। शेष लोगों को भी तीसरी लहर की आशंका के चलते शत प्रतिशत टीकाकरण कर समाज को सुरक्षित रखने इकाई को जिम्मेदारी दी गई है।
