छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन डोंगरगढ़ इकाई के तत्वावधान में विधायक भुनेश्वर बघेल को ज्ञापन सौंपा। जनघोषणा पत्र में उल्लेखित क्रमोन्नति, पदोन्नति, वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन बहाली सहित शिक्षक (एलबी संवर्ग) की मांग को विधानसभा में उठाने व मुख्यमंत्री की अनुशंसा सहित भेजने के लिए समर्थन मांगा।
विधायक बघेल ने तत्काल समर्थन सहित मुख्यमंत्री को पत्र लिखने की बात कही। ब्लॉक अध्यक्ष मनीष पसीने व प्रांतीय संगठन प्रतिनिधि राकेश तिवारी ने बताया कि एलबी संवर्ग के शिक्षकों को 25 वर्ष की सेवा के बाद एक बार भी क्रमोन्नति नहीं दी गई है। सरकार के जनघोषणा पत्र में इसे लागू करने कहा गया है, किंतु लगातार मांग के बाद भी अधिकारियों ने प्रावधान नहीं किया है। शिक्षकों की पदोन्नति के लिए हजारों पद रिक्त है, किंतु शिक्षा विभाग ने पदोन्नति ही नहीं किया है। वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन बहाली का मांग भी लंबित है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संतोष टेमरे, ब्लॉक सचिव आत्माराम चंद्रवंशी, नवनीत वैष्णव, गौतम श्रीवास, योगेंद्र नेताम, रिखीराम चंद्रवंशी, प्रवीण सेठ, अशोक साहू, कृष्णा यादव उपस्थित रहे।
पुरानी पेंशन बहाल हो: ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि मानकर क्रमोन्नति का आदेश दिया जाए। शिक्षाकर्मियों के निम्न वर्ग की सेवा को जोड़कर उच्च वर्ग में लाभ दिया गया है, जबकि पूर्व सेवा अवधि को जोड़कर क्रमोन्नति के लिए लाभ प्रदान कर क्रमोन्नति आदेश जारी किया जाए। सभी विभाग में पदोन्नति जारी है। प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला में प्रधान पाठक के हजारों पद रिक्त है। शिक्षक, व्याख्याता व प्राचार्य के पद पर भी पदोन्नति का प्रावधान है। इसलिए एलबी संवर्ग को कुल शिक्षकीय सेवा अनुभव के आधार पर पदोन्नति दी जाए। इससें शिक्षण व्यवस्था में गुणात्मक सुधार होगा। व्याख्याता व शिक्षक की तुलना में सहायक शिक्षक का वेतन कम है। एनपीएस के स्थान पर ओपीएस लागू करने की कार्रवाई की जाए।
