राजनांदगांव। कोरोना संक्रमण की रोकथाम व इससे बचाव के साथ ही संभावित तीसरी लहर की आशंका के बीच वैक्सीन की नई खेप आने के बाद जिले में कोरोना टीकाकरण फिर शुरु किया गया है। शुक्रवार को 94 केंद्रों में वैक्सीनेशन का काम चला। टीकाकरण कराने ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक दिन पूर्व मुनादी कराई जा रही है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग और राजस्व विभाग भी भागीदारी कर रहा है।
जिले के शहरी क्षेत्र के 10 तथा ग्रामीण क्षेत्र के 84 टीकाकरण केंद्रों में लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. बीएल तुलावी ने बताया, जिले को कोरोना संक्रमण से पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। गांव-गांव में कोरोना टीकाकरण किया जा रहा है। जिन लोगों ने टीका का पहला डोज ले लिया है, उनसे अपनी बारी आने पर दूसरी खुराक भी अनिवार्य रूप से लेने की अपील की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथलेश चौधरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण को एक महत्वपूर्ण चुनौती के रुप में लेकर कार्य किया जा रहा है, जिसके परिणाम स्वरूप जिले में अब तक लगभग 5.77 लाख लोगों को टीका का पहला डोज तथा 97,570 लोगों को टीका का दूसरा डोज लगाया जा चुका है। इसके अलावा जिले के कुल 94 टीकाकरण केंद्रों में टीकाकरण जारी है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान के तहत 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। धात्री महिलाओं के लिए भी कोरोना का टीका पूरी तरह सुरक्षित है। जिले में जिन व्यक्तियों ने अभी तक टीका नहीं लगवाया है, उन्हें भी कोरोना से सुरक्षा का टीका अनिवार्य रूप से लगवाना चाहिए।
राजनांदगांव। शुक्रवार को जिले में कोरोना का एकमात्र मरीज मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना शून्य रहा। स्वस्थ होने के बाद पांच को कोविड केयर सेंटरों से छुट्टी से दी गई। बड़ी राहहत की ब बात यह भी है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लाक मुख्यालयों में खोले गए किसी भी कोविड केयर सेंटरों में एक भी मरीज बाकी नहीं रह गया है।
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के बीच हर दिन राहत की खबर आ रही है। शुक्रवार को एक ही नया मरीज मिला। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह मरीज शहर के एक निजी अस्पताल का कर्मचारी है। इसे मिलाकर जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 57144 हो गई है। इनमें से 56432 लोग कोरोना को मात देकर घर लौट चुके हैं। जिले के केयर सेंटरों में महज 15 का इलाज चल रहा है। सक्रिय 161 मरीजों में 129 का उपचार घरों पर च 17 का इलाज अन्य शहरों में चल रहा है।
